जंगल आग में तबाह हो रहा है। चौकीदार और दैनिक वेतनभोगी फायर वाचर आग पर काबू पाने में नाकाम हैं। वन विभाग का मैदानी अमला हड़ताल पर है, इसका असर तेजी से पड़ रहा है। जंगल में आग तेजी से फैल रही है। सेटेलाइट के माध्यम से मोडिस और एसएनपीपी जंगल में लगी आग की सूचना वन विभाग को दे रहा है। पिछले 20 दिन का आंकड़ा बताता है कि वन विभाग के बिलासपुर सर्किल का जंगल 617 स्थानों पर आग से दहक रहा है।
कहीं-कहीं पर आग बुझाई भी गई थी लेकिन वहां पर फिर से आग भड़क उठी है। सभी डिवीजन में दैनिक वेतन पर फायर वाचर रखे गए हैं, लेकिन विभाग का अमला नहीं होने से ये कर्मचारी भी जंगल को आग से नहीं बचा पा रहे हैं। वन विभाग का मैदानी अमला पिछले पांच दिन से हड़ताल पर है। इस हड़ताल की वजह से आगजनी की घटनाएं बढ़ रही है। वन अफसर निरंतर जंगल का दौरा करके ग्रामीणों और वन समिति के सदस्यों की मदद ले रहे हैं, फिर भी आग पर काबू पाने में कामयाबी नहीं मिल रही है।