जबलपुर के पनागर क्षेत्र में शुक्रवार को बाइक सवार तीन बदमाशों ने फिल्मी स्टाइल में एक कार चालक को रोका और 4 लाख 70 हजार रुपए नकद लूट कर फरार हो गए। लूट की खबर मिलते ही मौके पर सीएसपी अधारताल और एएसपी नार्थ संजय अग्रवाल पहुंच गए। पनागर पुलिस ने लूट का मामला दर्ज कर प्रकरण को जांच में लिया है।
पनागर टीआई आरके सोनी के मुताबिक पनागर निवासी 32 वर्षीय गौरव ताम्रकार किसानों से गल्ला खरीद कर मंडी में बेचने का काम करता है। गौरव को मंडी में दो लोगों को पैसे देने थे। वह कार से 4.70 लाख रुपए लेकर मंडी जा रहा था। पनागर हाईवे पर पहुंचा था कि तभी बाइक सवार तीन युवक पीछा कर ओवरटेक कर पहुंच और कार के सामने वाहन अड़ा दिया। दो गौरव से उलझ गए और तीसरा कार में सीट पर रखा पैसों से भरा बैग उठा लिया।
एसी खराब होने से कांच नहीं किया था बंद
गौरव का दावा है कि कार की एसी खराब थी, इस कारण उसने कांच नहीं बंद किया था। बदमाश तेजी से बाइक से हाईवे के रास्ते निकल गए। गौरव ने पुलिस को लूट की सूचना दी। लाखों की लूट की खबर मिलते ही पुलिस सकते में आ गई। पनागर पुलिस मौके पर पहुंची। गौरव को लेकर थाने पहुंची।
गौरव के दावों की तस्दीक करने में जुटी पुलिस
पुलिस के चीता मोबाइलाें को आसपास दौड़ाया गया, लेकिन बदमाशों के बारे में कुछ पता नहीं चल पाया। लूट की खबर मिलते ही सीएसपी अधारताल और एएसपी नार्थ संजय अग्रवाल भी पहुंचे। पनागर पुलिस का दावा है कि प्रारंभिक पूछताछ में गौरव के बयान में विरोधाभाषी बातें सामने आ रही है। उसके दावों की तस्दीक की जा रही है।