इंदौर - अंडरगारमेंट (ब्रा) में चार पेज का सुसाइड नोट मिला,

त्वरित ख़बरें - मृतका ने नोट में कई चौंकाने वाले खुलासे किए , उसने पति राहुल, सास और ननदों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया,

मध्यप्रदेश: इंदौर में रंगपंचमी के दिन एक विवाहिता ने फांसी लगाकर जान दे दी। डॉक्टर को पोस्टमॉर्टम से पहले उसके अंडरगारमेंट (ब्रा) में चार पेज का सुसाइड नोट मिला है। डॉक्टर ने सुसाइड नोट पुलिस को सौंप दिया। मृतका ने नोट में कई चौंकाने वाले खुलासे किए हैं। उसने पति राहुल, सास और ननदों पर प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। यह भी लिखा कि वो राहुल की पहली पत्नी से हुई बेटी को भी मार देंगे। पुलिस के मुताबिक महिला ने सुसाइड नोट एक दिन में नहीं लिखा। बल्कि शादी के बाद एक साल के दौरान उसे पति, सास और ननद की जितनी प्रताड़नाएं याद आती गईं वह लिखती गई होगी।

प्रियंका ने सुसाइड नोट के पहले पेज पर पति राहुल चौहान के बारे में लिखा। उसने बताया कि वह उससे बहुत प्रेम करती है, लेकिन पति उसकी बात नहीं समझ रहा और सास के बहकावे में आकर मारपीट करता है। राहुल पहले से शादीशुदा था। पहली पत्नी की मौत हो चुकी है, जिससे उसे 9 साल की बेटी है। वो उस बच्ची को भी मेरी तरह प्रताड़ित करके मार देगा।

दो पेज में सास-ननद के तानों का जिक्र

प्रियंका ने अगले दो पेज पर सास पारूबाई के तानों की कहानी लिखी। उसने लिखा, सास बिना वजह परेशान करती है। इसके बाद उसने सास-बहू के बीच सालभर में हुए लड़ाई-झगड़ों का जिक्र किया। आखिरी पन्ने में अपनी ननद आशा, पिंकी व एक अन्य के मायके आने पर प्रताड़ित करने की बात लिखी। प्रियंका ने लिखा कि उसकी मौत बेकार नहीं जानी चाहिए। पति, सास और ननद को इसकी सजा मिलनी चाहिए।

प्रियंका के पिता बोले- राहुल के संबंध दूसरी महिला से

प्रियंका के अंजड़ में रहने वाले पिता अमृत ने बताया कि करीब 6 महीने पहले प्रियंका को राहुल घर के बाहर छोड़कर चला गया था। तब दोनों पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। प्रियंका ने बताया था कि वह मोबाइल पर किसी अन्य महिला से बात करता है। वह प्रियंका को छोड़कर तीसरी शादी करने की बात कहता था, लेकिन बेटी का घर नहीं बिगड़े इसलिए हमने रिश्तेदारों को बुलाकर राहुल को समझाया और प्रियंका को ससुराल भेज दिया था। इसके बाद भी दामाद ने बेटी को प्रताड़ित करना बंद नहीं किया। आज हमारे पास बेटी ही नहीं है। उसकी मौत के जिम्मेदार ससुराल वालों पर कार्रवाई होना चाहिए।