मां बम्लेश्वरी मंदिर ट्रस्ट ने नवरात्रि पर्व की तैयारी शुरू कर दी है। नीचे मंदिर में नए ज्योति कलशों का निर्माण अंतिम चरण पर है। वहीं ऊपर मंदिर में ज्योति कलश प्रज्ज्वलित करने के लिए सामग्री को भेजी जा रही है। मंदिर, रेलवे स्टेशन व अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सैनिटाइजर की व्यवस्था रहेगी। 2 से 10 अप्रैल तक चैत्र नवरात्रि पर्व मनाया जाएगा। इस बार पदयात्री भी माता का दर्शन करने पहुचेंगे। मार्च में ही गर्मी ने बेहाल करना शुरू कर दिया है। तेज गर्मी को देखते हुए खासकर पदयात्री मार्ग में पेयजल की व्यवस्था को बेहतर करने के निर्देश प्रशासनिक अफसरों को दिए गए हैं। पदयात्रियों की सेवा के लिए पंडाल भी लगेंगे।
जिला प्रशासन व मंदिर ट्रस्ट की संयुक्त बैठक के बाद तैयारी पर जोर दिया। वहीं पर्व के दौरान मीना बाजार भी लगेगा। इसके लिए मेला ग्राउंड में अस्थाई दुकानों का आवंटन किया जाएगा, लेकिन नगर पालिका प्रशासन असमंजस में है कि जिले में आचार संहिता लागू है, इसलिए टेंडर नहीं निकाल सकते, परंतु मीना बाजार के लिए टेंडर प्रक्रिया अपनानी होगी। सीएमओ यमन देवांगन का कहना है कि मीना बाजार व पार्किंग के टेंडर के संबंध में उच्चाधिकारियों से चर्चा कर सुझाव मांगा जाएगा।