छत्तीसगढ़ में मध्य मार्च आते ही, तेज धूप ने लोगों परेशान में इजाफा शुरू कर दिया है. इस समय छत्तीसगढ़ के अधिकांश जिलों में तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आस पास है. छत्तीसगढ़ मौसम विभाग ने संभावना जताई है कि, “इस बार तापमान पिछले 10 साल का रिकॉर्ड तोड़ सकता है. राज्य के अधिकांश जगहों पर भीषण गर्मी के आसार नजर आ रहे हैं. कुछ जिलों में लू चलने के भी आसार हैं.”
रायगढ़ में दर्ज किया गया सर्वाधिक तापमान
रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग संभाग के अनेक स्थानों पर अभी अधिकतम तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के आसपास तक पहुंच गया है. जहां रायगढ़ में सबसे अधिक 39.9 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया है. छत्तीसगढ़ में कई जगहों पर कभी-कभी मार्च महीने में अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच जाता है.
दरअसल, पिछले 10 वर्षों के आंकड़े पर नजर डाले तो 2017 में मार्च महीने में सर्वाधिक गर्मी महसूस की गई थी. पिछले 10 वर्ष में केवल एक बार ही तापमान 41.6 डिग्री तक पहुंचा था. वहीं पिछले तीन वर्षो से टेंपरेचर 40 डिग्री के आसपास ही मंडरा रहा है. इससे ये अनुमान लगाया जा सकता है कि छत्तीसगढ़ में मार्च महीने भी भीषण गर्मी से लोग परेशान हो सकते हैं और इसकी शुरुआत इस महीने के 10 दिन के बाद दिखने शुरू हो गए है.