नवा रायपुर - धरना दे रहे एक किसान की मौत,पर विपक्ष का बवाल

त्वरित ख़बरें - पूर्व मंत्री मूणत बोले- कांग्रेस जिम्मेदार; BJP किसान मोर्चा की मांग- 1 करोड़ मुआवजा दे सरकार

नवा रायपुर में पिछले 60 दिनों से धरना दे रहे एक किसान की शुक्रवार को मौत हो गई थी। सियाराम पटेल नाम का यह किसान, किसानों के पैदल मार्च में शामिल हुआ था। मंत्रालय जाकर अफसरों से अपनी बात कहना चाहता था, बीच रास्ते में पुलिस ने सियाराम समेत हजारों किसानों को रोका। यहीं अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद सियाराम की मौत हो गई। अब इस पूरे मामले में छत्तीसगढ़ का विपक्ष सरकार को घेर रहा है।

छत्तीसगढ़ के पूर्व मंत्री राजेश मूणत ने कहा, इस मामले में कांग्रेसियों पर FIR दर्ज की जानी चाहिए। छत्तीसगढ़ कांग्रेस पार्टी किसानों की इस दुर्दशा की जिम्मेदार है। क्योंकि कांग्रेस छत्तीसगढ़ में सत्ता में है, ऐसे में किसानों के बुरे हाल की जिम्मेदार भी कांग्रेस है। किसान की मौत पर कांग्रेसी नेताओं पर कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।

एक करोड़ मुआवजे की मांग
भारतीय जनता पार्टी किसान मोर्चा के नेता गौरीशंकर श्रीवास ने इस पूरे मामले में कहा कि छत्तीसगढ़ में किसानों को कांग्रेस की सरकार भूल चुकी है। उन्होंने बीजेपी किसान मोर्चा की ओर से मृतक किसान के परिजनों को एक करोड़ का मुआवजा देने की मांग की है। उन्होंने कहा, ऐसा नहीं किए जाने पर बीजेपी किसान मोर्चा पूरे प्रदेश में आंदोलन करेगी।