विधानसभा में बुधवार को प्रश्नकाल का शुरुआत हंगामे के साथ हुई। कांग्रेस विधायक छन्नी साहू को गेट पर रोके जाने को लेकर भाजपा विधायकों ने हंगामा किया। हंगाामा शांत होने के बात भाजपा विधायक अजय चंद्राकर ने प्रश्काल में पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग की बंद हुई योजनाओं की 280 करोड़ रुपए के गायब होने के आरोप लगाए। उन्होंने पूछा कि पंचायत विभाग के पत्र के मुताबिक बंद हुई योजनाओं की कुल कितनी राशि वापस मंगाई गई थी। इसे कोषालय में जमा कराया गया या फिर संचालनालय में।
पंचायत मंत्री की अनुपस्थिति में वनमंत्री मोहम्मद अकबर ने इसका जवाब दिया। उन्होंने बताया कि आप जो जानकारी चाह रहे हैं उसे बता दें मैं जानकारी उपलब्ध करवा दूंगा। चंद्राकर ने कहा कि जितनी राशि वापस होने की बात कही जा रही है उसमें सिर्फ 26 करोड़ रुपए खर्च होने की जानकारी दी गई है। लगभग 280 करोड़ रुपए की राशि लापता है। इसकी जांच कराई जाए। इस पर स्पीकर डा.चरणदास महंत ने इस मामले की जांच की घोषणा की।
कांग्रेस विधायक संतराम नेताम ने राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन अंतर्गत कोंडागांव जिले में राष्ट्रीय कार्यक्रमों के लिए मिली राशि की जानकारी मांगी। उन्होंने पूछा कि प्रशिक्षण में, राष्ट्रीय कार्यक्रमों में तथा भंडारण क्रय में कितनी राशि व्यय की गई। वनमंत्री मोहम्मद अकबर ने बताया कि आपको जो परिशिष्ट उपलब्ध कराया गया है उसमें पूरी जानकारी दी गई है। नेताम ने मंत्री के जवाब से असंतुष्टि जाहिर करते हुए इस मामले की जांच कराने की मांग रखी जिसके बाद वनमंत्री ने पूरे मामले की जांच कराने की घोषणा की।
कांग्रेस विधायक को रोका,भाजपा का हंगामा
खुज्जी विधायक छन्नी साहू को विधानसभा के मुख्य द्वार पर रोक दिया गया। वह अपने दोपहिया वाहन से प्रवेश करना चाह रही थी लेकिन रायपुर एसपी छन्नी को भीतर जाने से रोक दिया। जानकारी मिलने पर भाजपा विधायक शिवरतन शर्मा, सौरभ सिंह, प्रमोद शर्मा गेट पर पहुंच गए। वहीं सदन के भीतर कार्रवाई शुरू होते ही अजय चंद्राकर ने विशेषाधिकार हनन का मामला उठाते हुए विधायक को विधानसभा में प्रवेश से रोके जाने को लेकर हंगामा कर दिया।