जबलपुर-दमोह रोड पर कार व बाइक में एक्सीडेंट के बाद आग लग गई

त्वरित ख़बरें - हादसे में बाइक सवार दो युवकों की जलकर मौत

जबलपुर-दमोह रोड पर श्रद्धाधाम के सामने सोमवार की रात कार व बाइक में आमने-सामने के एक्सीडेंट के बाद आग लग गई। हादसे में बाइक सवार दो युवकों की जलकर मौत हो गई। 15 वर्षीय एक किशोर गंभीर रूप से घायल होने के साथ झुलस गया था। उसे जबलपुर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

कटंगी थाना प्रभारी शिवमंगल सिंह के कटंगी से लगभग 6 किमी दमोह रोड पर श्रद्धाधाम के सामने ये हृदय विदारक हादसा हुआ। एक्सीडेंट के बाद बाइक में आग लग गई थी। पास में ही कार एमपी 22 सीए 5129 क्षतिग्रस्त हालत में खड़ी मिली। मौके पर 3 लोग गम्भीर रूप से घायल और झुलसे हालत में मिले। तीनों को एम्बुलेंस से मेडिकल कॉलेज भिजवाया गया। जहां डॉक्टरों ने दो को मृत घोषित कर दिया।

दमोह के रहने वाले थे बाइक सवार

कटंगी पुलिस के मुताबिक हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान घाना जबेरा दमोह निवासी आनंद प्रधान (20) और महेश (18) के रूप में हुई। वहीं तीसरे घायल की पहचान वहीं के बृजेश गौड़ उर्फ करिया (15) के रूप में हुई। उसे दमोह में केयर मल्टीस्पेसिएलिटी हॉस्पिटल में परिजनों द्वारा भर्ती कराया गया है। तीनों मझौली के गठौरा गांव स्थित रिश्तेदारी से दमोह लौट रहे थे। तब ये हादसा हुआ। बाइक जलकर राख हो चुकी है।