IPL 2022 के लिए सभी 10 टीमें 8 मार्च तक मुंबई पहुंच जाएगी और 14 या 15 मार्च से सभी ट्रेनिंग शुरू करेंगी। इसकी जानकारी BCCI के एक अधिकारी ने ANI से बातचीत करते हुए दी। उन्होंने कहा- सभी 10 टीमों के खिलाड़ी और सपोर्ट स्टाफ के मेंबर्स 8 मार्च तक मुंबई पहुंच सकते हैं, जहां उन्हें 3 से 4 दिन क्वारंटाइन में रहना होगा और उसके बाद सभी के RT-PCR टेस्ट कराएं जाएंगे।
मुंबई में पांच स्थानों पर टीमें करेंगी प्रैक्टिस
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड ने इंडियन प्रीमियर लीग के लिए मुंबई के 5 स्थानों की पहचान अभ्यास के लिए की है। जिनमें मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन की बांद्रा-कुर्ला में स्थित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, क्रिकेट क्लब ऑफ इंडिया के ब्रेबोर्न स्टेडियम, डीवाई पाटिल स्टेडियम, रिलायंस कॉरपोरेट की नवी मुंबई में स्थित ग्राउंड और ठाणे में स्थित एमसीए के ग्राउंड शामिल है। लीग में इस बार 12 डबल हेडर हो सकते हैं। हालांकि अभी आईपीएल के पूरे शेड्यूल की आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।
इस हफ्ते आ सकता है IPL का पूरा शेड्यूल
इस हफ्ते IPL का पूरा शेड्यूल आ सकता है। हालांकि IPL गवर्निंग काउंसिल ने 26 मार्च से 29 मई तक आयोजन को मंजूरी दे चुकी है। लीग स्टेज के सभी 70 मुकाबले महाराष्ट्र में खेले जाएंगे। 55 मैच मुंबई और 15 पुणे में होंगे। मुंबई में खेले जाने वाले सभी मुकाबले वानखेड़े, डॉ डीवाई पाटिल और ब्रेबोर्न स्टेडियम में होंगे। वहीं, पुणे के मैच MCA इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले जाएंगे। वानखेड़े स्टेडियम और डॉ डीवाई पाटिल स्टेडियम में 20, जबकि ब्रेबोर्न स्टेडियम में 15 मैच खेले जाएंगे। बचे हुए 15 मुकाबले MCA इंटरनेशनल स्टेडियम में होंगे।