जबलपुर में धड़ल्ले से घरेलू सिलेंडर से ऑटो सहित दूसरे वाहनों में रिफलिंग का धंधा चालू है। रांझी पुलिस ने बापूनगर में दबिश देकर 19 घरेलू सिलेंडर जब्त किए। माैके से दो इलेक्ट्रॉनिक पंप, तौल कांटा, गैस बिक्री के 5700 रुपए जब्त किए। पुलिस ने संचालक के खिलाफ आवश्यक वस्तु अधिनियम का प्रकरण दर्ज कर मामले को जांच में लिया है।
रांझी टीआई विजय सिंह परस्ते के मुताबिक बापूनगर में निक्की सोनकर के बाड़ा मे राज उर्फ किट्टू राजपूत खतरनाक तरीके से एलपीजी गैस सिलेण्डर से आटो में रिफलिंग कर रहा था। इसकी सूचना पर मौके पर दबिश दी गई। आरोपी राज उर्फ किटटू राजपूत निवासी हनुमान मंदिर के पीछे रांझी मौके पर मिला।
दो ऑटो में भर रहा था गैस
वह इलेक्ट्रानिक तराजू में गैस सिलेण्डर रखकर इलेक्ट्रिक पम्प कनेक्ट कर आटो एमपी 20 आर 7020 में और इसी तरह दूसरे कनेक्ट से ऑटो एमपी 20 आर 8060 में गैस भर रहा था। जांच में उसके यहां से एचपी कम्पनी के 19 गैस सिलेण्डर मिले। इसमें नौ भरे हुए और 10 खाली थे। मौके से 2 इलेक्ट्रानिक तौल कांटा, गैस विक्री के 5 हजार 700 रूपये और दोनों 2 आटो जब्त किए गए।