गांवों में बारिश के साथ गिरे ओले,

त्वरित ख़बरें - अंबिकापुर, कवर्धा के कई गांवों में बारिश के साथ गिरे ओले,अब जिला प्रशासन लेगा नुकसान का जायजा

छत्तीसगढ़ में आने वाले 5 दिनों तक मौसम साफ रहने की उम्मीद मौसम विभाग ने जताई है। मगर गुरुवार की शाम से बदला मौसम रात तक किसानों के लिए मुसीबत बन गया। अंबिकापुर, कवर्धा, बलरामपुर, सूरजपुर के कुछ हिस्सों में ओले गिरे हैं। इसकी वजह से फसलों के नुकसान की भी खबर है। जिन जिलों में ओलावृष्टि हुई है, अब जिला प्रशासन वहां नुकसान का मुआयना कर रहा है।

सूरजपुर के चांदनी- बिहारपुर के अलावा खैरा, कोलुआ, जैसे हिस्सों में शाम के वक्त अचानक तेज आंधी तूफान शुरू हो गए और कुछ देर बाद बारिश होने लगी। किसानों की चिंता फसलों को लेकर तब बढ़ गई जब आसमान से ओले आफत बनकर बरसे, बहुत से हिस्सों में खेतों में बर्फ की सफेद चादर नजर आई।

मौसम विभाग से मिली जानकारी के मुताबिक बलरामपुर जिले के देवरी विकासखंड के प्रतापपुर में भी इसी तरह ओलावृष्टि हुई है। इसके अलावा अंबिकापुर के देवरी में भी आसमान से सफेद आफत बनकर ओले बरसे हैं। कवर्धा में भी इसी तरह ओले गिरे हैं। इससे स्थानीय किसानों की फसलों और पेड़ों को नुकसान हुआ है।

इस वजह से गिरे ओले
चक्रीय चक्रवाती घेरा दक्षिण-पश्चिम राजस्थान के ऊपर 1.5 किलोमीटर ऊंचाई तक फैला था। अरब सागर से आने वाले पश्चिमी हवाओं और बंगाल की खाड़ी से आने वाले गर्म और नमी वाली दक्षिणी हवाओं के मिलने की जगह पूर्वी मध्य प्रदेश में बनी। इस वजह से प्रदेश में एक-दो स्थानों पर हल्की बारिश का अंदेशा मौसम विभाग ने जताया था। इसी वजह से शाम होते-होते मौसम बदला और ओले गिरे।

अगले 5 दिन ऐसा रहेगा मौसम
प्रदेश में 25 फरवरी से लेकर 1 मार्च तक मौसम में कोई खास बदलाव का अंदेशा नहीं जताया गया है। मौसम विभाग के मुताबिक तापमान में भी कोई बड़ा बदलाव आने की उम्मीद नहीं है। छत्तीसगढ़ के कुछ प्रमुख शहरों के तापमान में भी करीब एक सप्ताह तक कोई बदलाव नहीं आएगा, न गर्मी बढ़ेगी न ही ठंड। रायपुर में 25 फरवरी को न्यूनतम तापमान 21.0 और अधिकतम तापमान 33.0 डिग्री सेल्सियस रहा है, बाकि के जिलों में अंबिकापुर में न्यूनतम तापमान 15.0 और अधिकतम तापमान 29.0 डिग्री है, बिलासपुर में न्यूनतम तापमान 19.0 और अधिकतम तापमान 34.0 है। 26 फरवरी को बिलासपुर के कुछ जगहों पर बारिश होने के आसार हैं। बस्तर के जगदलपुर में 25 फरवरी को तापमान न्यूनतम 17.0 और अधिकतम 35.0 है। दुर्ग का तापमान 18.0 न्यूनतम और अधिकतम 32.0 डिग्री सेल्सियस पर है।

कवर्धा में गिरे ओेले।