छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्राली अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खाई में पलट गई है। इस हादसे में 15 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। इनमें से 7 लोगों की हालत गंभीर बनी हुई है। जिनमें एक महिला भी शामिल है। वहीं 4 लोगों की हालात बेहद नाजुक है। सभी घायलों को दंतेवाड़ा जिला अस्पताल लाया जा रहा है। हादसा जिले के कुआकोंडा थाना क्षेत्र में हुआ है।
जानकारी के मुताबिक, जिले के मोखपाल गांव के जरी पारा का एक युवक ट्रैक्टर में 15 से ज्यादा ग्रामीणों को बैठा कर चोलनार में किसी रिश्तेदार के घर छोड़ने जा रहे थे। इस बीच गांव से ही कुछ दूरी पर ट्रैक्टर अनियंत्रित होकर सड़क के नीचे खाई में पलट गई। इस हादसे में ट्राली में सवार सभी लोग घायल हो गए। कुछ ग्रामीण ट्राली के नीचे दब गए थे जिन्हें आस-पास मौजूद ग्रामीणों ने बाहर निकला।
हादसे की सूचना फौरन एम्बुलेंस 108 को दी गई। मौके पर एम्बुलेंस के कर्मचारी पहुंचे। EMT ने सभी घायलों का प्राथमिक उपचार कर सभी को नजदीक के कुआकोंडा अस्पताल लेकर गए। 1 महिला समेत 7 ग्रामीणों की गंभीर हालात देखते हुए उन्हें डॉक्टरों ने जिला अस्पताल रेफर कर दिया। इनमें से लक्ष्मण (26) पांडे बीमा (55) लख्मी लूंगा (25) कमली (30) मासे (60), पुष्पे (45) समेत अन्य शामिल हैं। वहीं कुछ ग्रामीण जिन्हें मामूली चोटें आईं थी उनका कुआकोंडा के अस्पताल में ही इलाज चल रहै है।