अब आई राहत की खबर, कोरोना संक्रमण की रफ्तार पर हुआ नियंत्रण

त्वरित ख़बरें - रिपोर्टिंग निशा बिस्वास मार्केटिंग हेड - कोविड-19 की तीसरी लहर के दौरान लगाए गए प्रतिबंधों को समाप्त करने का आदेश

राजनांदगांव, 19 फरवरी 2022.

राजनांदगांव जिले के लोगों के लिए राहत की खबर है। वर्तमान में यहां कोरोना संक्रमण का आंकड़ा ना की स्थिति पर आ गया है जिससे उत्साहित जिला प्रशासन ने भी पूर्व में कोविड-19 के दौरान लगाए गए प्रतिबंधों को अब समाप्त करने का आदेश जारी किया है। हालांकि इस आदेश में कोविड एप्रोप्रिएट बिहेवियर यानी मास्क, सेनिटाईजर का उपयोग और सोशल डिस्टेंसिंग का अनिवार्यतः पालन करने पर जोर दिया गया है।

कोरोना संक्रमण की रोकथाम तथा इससे बचाव के लिए जारी प्रयासों के अंतर्गत कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के नेतृत्व में जिले में चलाए जा रहे टीकाकरण महाअभियान के काफी प्रभावी परिणाम देखने को मिल रहे हैं। कोरोना संक्रमण से सुरक्षा के लिए जिले में अब तक 23.95 लाख लोगों को कोविड टीका लगाया जा चुका है। इसमें से 12.99 लाख लोगों को कोरोना टीके की प्रथम डोज तथा लगभग 10.76 लाख लोगों को द्वितीय डोज और 18,692 लोगों को प्रीकॉशनरी डोज लगाई गई है। जिले के शत-प्रतिशत लोगों को जल्द से जल्द दूसरी डोज का भी टीका लगाकर सुरक्षित करने पर जोर दिया जा रहा है। ग्रामीण क्षेत्र में मुनादी कराई जा रही है। लोगों से कहा जा रहा है कि कोरोना संक्रमण से बचाव हेतु प्रोटोकॉल का पालन करते हुए अधिक सचेत रहने की जरूरत है। साथ ही जनजागरूकता से संबंधित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। द्वितीय डोज के टीकाकरण का लक्ष्य पूरा करने हेतु शहरी क्षेत्र में भी विभिन्न माध्यमों से प्रचार-प्रसार किया जा रहा है। यह पूरा कार्यक्रम स्वास्थ्य विभाग के साथ ही महिला एवं बाल विकास विभाग, पंचायत विभाग और राजस्व विभाग के समन्वय से किया जा रहा है।

इस संबंध में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. मिथिलेश चौधरी ने बतायाः “कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिए कलेक्टर तारन प्रकाश सिन्हा के नेतृत्व में जिले में लगातार टीकाकरण महाअभियान चलाया जा रहा है और कोरोना टीके की दोनों डोज के काफी प्रभावी परिणाम भी अब देखने को मिल रहे हैं। जिस तेज गति से दूरगामी परिस्थितियों को देखते हुए टीकाकरण अभियान को लक्ष्य तक पहुंचकर अंजाम दिया गया, वह काफी महत्वपूर्ण है। मरीजों की राहत के लिए अस्पतालों में ऑक्सीजन बेड, दवाइयां व एम्बुलेंस सहित अन्य व्यवस्था सुनिश्चित की गई है। गांव तथा शहरों में सर्विलेंस टीम के माध्यम से घर-घर जाकर सर्दी, खांसी व बुखार के लक्षण वाले लोगों की पहचान कर दवाई उपलब्ध कराई जा रही है। लोगों से कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने की अपील की जा रही है”।

 सतर्कता के लिए मुनादी...

नगरीय प्रशासन विभाग द्वारा नागरिकों को कोविड प्रोटोकॉल का पालन अनिवार्यतः करने के प्रति लिए जागरूक किया जा रहा है। मास्क लगाने, सोशल डिस्टेंसिंग का पालन और हाथों को सेनेटाईज करने व भीड़-भाड़ वाले स्थानों में नहीं जाने के लिए लगातार मुनादी कराई जा रही है। नागरिकों को समझाइश दी जा रही है कि आवश्यकता पड़ने पर ही घर से बाहर जाएं। घर से बाहर निकलने पर मास्क का उपयोग जरूर करें। सर्दी, खांसी, बुखार के लक्षण आने पर कोविड टेस्ट जरूर कराएं।

कार्यक्रम या आयोजन तो होंगे लेकिन...

कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी तारन प्रकाश सिन्हा ने वर्तमान परिस्थितियों को दृष्टिगत रखते हुए पूर्व में कोविड-19 के दौरान लगाए गए सभी प्रतिबंधों को समाप्त करने आदेश जारी किया है। इस आदेश में कहा गया है कि किसी भी प्रकार के कार्यक्रम या आयोजन तो किए जा सकेंगे लेकिन इसमें कोविड एप्रोप्रिएट बिहेवियर यानी मास्क, सेनिटाईजर का उपयोग और सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना आवश्यक होगा।