नई दिल्ली: देश की राजधानी दिल्ली में हत्या का एक सनसनीखेज मामला प्रकाश में आया है. यहां अपने रिश्तेदार के घर गई एक महिला जब अपने घर वापस लौटी, तो उसे अपने पलंग पर एक युवती का शव दिखा. वारदात के बाद से ही महिला का पति फरार बताया जा रहा है. मामला बुराड़ी इलाके का है. बुराड़ी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर तफ्तीश शुरू कर दी है. पुलिस को संदेह है कि युवती की हत्या करने के बाद महिला का पति भाग गया होगा. पुलिस की एक टीम उसे ढूंढने में लगी हुई है |
बुराड़ी थाना पुलिस के अनुसार, अमन रावत बुराड़ी इलाके के कौशिक इनक्लेव में अपनी पत्नी प्रियंका रावत संग रहता है. वह बिल्डिंग के नीचे ही कंपनी में नौकरी करता है. अमन की पत्नी प्रियंका शुक्रवार को किसी संबंधी के घर गई हुई थी. रात 8 बजे जब वह घर लौटी और दरवाजा खोलकर देखा तो उसे पलंग पर एक युवती का शव अर्धनग्न हालत में मिला. लाश देखकर महिला घबरा गई और फौरन पुलिस को फोन किया. सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस ने केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी. पुलिस के उच्च अधिकारी मौके का मुआयना कर चुके हैं. युवकी का क़त्ल गला घोंटकर किया गया है.