झांसेबाजों ने वृद्धा के तीन लाख के जेवर साफ करने के बहाने ले उड़े

त्वरित ख़बरें - बर्तन साफ करने वाली कम्पनी से हैं,

  जबलपुर - झांसेबाजों ने वृद्धा के तीन लाख के जेवर साफ करने के बहाने ले उड़े। आरोपी बर्तन साफ करने का डेमो दिखाने पहुंचे थे। फिर जेवर चमकाने के लिए मंगाया और धोखे से जेवर लेकर फरार हो गए। विजय नगर पुलिस ने वृद्धा की शिकायत पर आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज कर प्रकरण को जांच में लिया है।

विजय नगर पुलिस के मुताबिक रामेश्वरम कालोनी विजय नगर निवासी 63 वर्षीय पुष्पलता राय ने प्रकरण दर्ज कराया। बताया कि उसके पति रायपुर गए हैं। घर में वो अकेली थी। शुक्रवार को उसके घर पर दो युवक पहुंचे। बोले कि वे बर्तन साफ करने वाली कम्पनी से हैं। दोनों ने पीतल, तांबे और एल्यूमिनियम के कुछ बर्तन साफ कर दिखा।

जेवर चमकाने का दिया झांसा

फिर बोले कि इस केमिकल से जेवर भी साफ हो जाता है। झांसे में फंसकर पुष्पलता ने सोने की 6 चूड़ियां, चेन, मंगलसूत्र और पैंडल दे दिए। आरोपियों ने जेवरों में केमिकल लगाकर डिब्बे में बंद कर दिया। बोले कि डिब्बा सहित गैस पर हल्का गर्म करके ले आए।

डिब्बा गर्म कर लौटी तो आरोपी गायब थे

डिब्बा गर्म कर पुष्पलता लौटी तो वे गायब हो चुके थे। संदेह होने पर पुष्पलता ने डिब्बा खोला, तो जेवर गायब थे। विजय नगर पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज कर मामला जांच में लिया है।