रिसाली निगम के वार्ड 13 में चल रहे अवैध निर्माण को ढहा दिया गया

त्वरित ख़बरें - रिसाली में शीतला तालाब के पास हो रहे कब्जे पर निगम ने चलाई जेसीबी

रिसाली निगम के वार्ड 13 में चल रहे अवैध निर्माण की ढहा दिया गया। पुलिस बल लेकर पहुंची निगम की टीम ने शीतला तालाब के निकट पहले निर्माण कार्य करने वाले मजदूरों को हटाया। इसके बाद जेसीबी से मंच को ध्वस्त कर दिया।

एक सप्ताह पहले टंकी मरोदा के नागरिकों ने निगम आयुक्त आशीष देवांगन से शिकायत की थी कि कुछ लोग सार्वजनिक जगह पर जबर्दस्ती निर्माण कार्य करवा रहे हैं। इसके लिए निगम से अनुमति भी नहीं ली गई है। जांच के बाद निर्माण रोकने का नोटिस जारी किया गया, लेकिन कार्य बंद नहीं हुआ।

जब शुक्रवार को निगम का तोड़ू दस्ता टंकी मरोदा पहुंचा तो मौके पर भीड़ जमा हो गई। वार्ड 13 के पार्षद विधि यादव ने अतिक्रमण और अवैध निर्माण नहीं होने का हवाला देकर विरोध शुरू कर दिया। बाद में अधिकारियों की समझाइश पर वे शांत हुए और स्थल से लौट गए।

इसके बाद निगम की टीम ने निर्माण को ढहा दिया। निगम के अधिकारियों ने कहा कि अवैध तरीके से होने वाले निर्माण को इसी तरह ढहाया जाएगा। जायज काम के वे खिलाफ नहीं हैं। नियम के मुताबिक काम होने चाहिए। यदि निगम को अंधेरे में रख कर कार्य किए जाएंगे तो कार्रवाई जरुर होगी।

वहीं आम लोगों ने भी जेसीसी की कार्रवाई का समर्थन किया।लोगों ने कहा कि लोगों की सुविधा का ध्यान न रखकर ऐसे कार्य करने वाले लोगों को दंडित भी करना चाहिए। कार्रवाई में राजस्व विभाग प्रभारी हरचरण अरोरा, संजय वर्मा, स्वास्थ्य विभाग प्रभारी जगरनाथ कुशवाहा व बृजेन्द्र परिहार आदि उपस्थित रहे।