कारोबारी हफ्ते के पहले दिन यानी आज सोमवार को सोना-चांदी के दामों में शानदार बढ़त देखी गई है। इंडिया बुलियन एंड ज्वैलर्स एसोसिएशन (IBJA) की वेबसाइट के अनुसार आज सर्राफा बाजार में सोना 819 रुपए महंगा होकर 49,739 रुपए प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया है। वहीं अगर वायदा बाजार की बात करें तो MCX पर दोपहर 3 बजे सोना 506 रुपए की बढ़त के साथ 49,620 रुपए पर ट्रेड कर रहा है।
1700 रुपए से ज्यादा मंहगी हुई चांदी
चांदी की बात करें तो सर्राफा बाजार में आज चांदी 1,712 रुपए महंगी होकर 63,869 रुपए प्रति किलोग्राम पर पहुंच गई है। MCX पर भी दोपहर 3 बजे चांदी 1,115 रुपए की बढ़त के साथ 64,103 रुपए पर ट्रेड कर रही है।
फरवरी में अब तक 1,700 रुपए से ज्यादा महंगा हुआ सोना
इस महीने अब तक सोने में अच्छी तेजी देखी जा रही है। अभी तक सिर्फ 14 दिनों में ही 1,763 रुपए महंगा हो गया है। 1 फरवरी को ये 47,976 रुपए प्रति 10 ग्राम में था जो अब 49,739 रुपए पर पहुंच गया है। वहीं चांदी की बात करें तो ये 60,969 रुपए प्रति किलोग्राम से बढ़कर 63,869 रुपए पर पहुंच गई है। यानी ये इस महीने 2,900 रुपए महंगी हुई है।
आने वाले दिनों में फिर बढ़ सकते हैं दाम
केडिया कमोडिटी के डायरेक्टर अजय केडिया कहते हैं कि देश और दुनिया में महंगाई बढ़ रही है। इसके अलावा यूक्रेन और रूस के बीच बढ़ते विवाद के कारण ग्लोबल टेंशन बढ़ी है। इससे सोने को सपोर्ट मिलेगा और ये इस साल 55 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम तक जा सकता है।
वहीं चांदी की बात करें तो ये बेस मेटल है और इंडस्ट्री में इसकी डिमांड तेजी से बढ़ने लगी है। ऐसे में इस साल ये 80 से 85 हजार रुपए प्रति किलोग्राम का लेवल दिखा सकती है।