छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक 3 मंजिला दुकान में भीषण आग लग गई

त्वरित ख़बरें - अचानक भड़की आग तो ऊपर का हिस्सा टूटकर नीचे गिरा; आसमान में उठते धुएं का गुबार देख दहशत में आए लोग

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में एक 3 मंजिला दुकान में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी जबरदस्त थी कि उसके ऊपर का हिस्सा टूटकर नीचे गिर गया। आसमान में उठते धुएं का गुबार देख आस-पास के लोग दहशत में आ गए। उन्होंने जल्द ही इसकी जानकारी दमकल की टीम को दी। जिसके बाद दमकल की गाड़ी मौके पर पहुंची और आग पर काबू पाया गया है।

शहर के पुराना बस स्टैंड से अग्रसेन चौक जाने वाली सड़क पर एक सीट कवर की तीन मंजिला दुकान है। जिसका संचालन अकबर अली करते हैं। यहां दोपहर के वक्त इमारत के ऊपरी हिस्से में अचानक आग भड़क गई। बताया गया कि जैसे ही ऊपरी हिस्से में आग लगी। उसके लपटें दिखने लगीं। कुछ देर बाद उसके ऊपर का एक हिस्सा नीचे गिर गया। राहत की बात ये रही कि उस समय वहां कोई नहीं था, नहीं तो बड़ा हादसा हो सकता था।

आस-पास के लोगों ने बताया कि रविवार का दिन होने के कारण दुकान बंद थी। जिसकी वजह से कोई अंदर नहीं था। लोगों ने तुरंत इस बात की जानकारी दमकल की टीम को दी थी। फिर मौके पर पहुंची टीम ने करीब आधे घंटे तक मशक्कत की। जिसके बाद आग पर काबू पाया गया है।

वहीं इस घटना की जानकारी दुकान संचालक को भी दी गई थी। खबर मिलते ही दुकान संचालक अकबर अली मौके पर पहुंचे थे। उन्होंने बताया कि इमारत के ऊपरी हिस्से में सीट कवर का बचा हुआ फोम रखा हुआ जो जल गया है। राहत की बात ये रही कि इस आगजनी की घटना में उन्हें कोई ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। घटना के वक्त संचालक अपनी भांजी की शादी में गए हुए थे।