वायरल वीडियो पर भड़के टीचर्स एसोसिएशन ने की कलेक्टर से मांग

त्वरित ख़बरें - वायरल वीडियो पर भड़के टीचर्स:एसोसिएशन ने की कलेक्टर से मांग, निरीक्षण वाले वीडियो सोशल मीडिया पर डालने से अफसरों को रोकें

वायरल वीडियो पर भड़के टीचर्स एसोसिएशन ने की कलेक्टर से मांग

कवर्धा : छत्तीसगढ़ के कवर्धा में जिला शिक्षा अधिकारी (DEO) के निरीक्षण के दौरान हुई फजीहत के बाद टीचर अब कलेक्टर की शरण में पहुंच गए हैं। टीचरों ने निरीक्षण के दौरान शिक्षा विभाग के अफसरों के वीडियो बनाने और उसे सोशल मीडिया पर डालने से रोकने की मांग की है। टीचर्स का कहना है कि कलेक्टर की ओर से आश्वासन दिया गया है।

दरअसल, पिछले दिनों सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था। इसमें दिख रहा था कि कवर्धा में DEO राकेश पांडेय के निरीक्षण के दौरान बच्चों के साथ-साथ पढ़ाने वाले मास्टर जी भी फेल हो गए। हिंदी में MA पास गुरुजी 'अंत्येष्टि' नहीं लिख सके। वहीं, चौथी और 7वीं क्लास में पढ़ने वाले बच्चे पहली कक्षा कि किताब नहीं पढ़ सके। DEO लोहारा ब्लॉक के ग्राम रक्शे स्थित प्राथमिक स्कूल के पास चल रही मोहल्ला क्लास में पहुंचे थे। इसका वीडियो सामने आने के बाद शिक्षा व्यवस्था निशाने पर आ गई।

छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन के प्रतिनिधि पहुंचे थे मिलने

हिंदी में MA पास और 'अंत्येष्टि' नहीं लिखना आता, पहली की किताब नहीं पढ़ सकी 7वीं की बच्ची, कविता और पहाड़ा भी नहीं आता' प्रकाशित की थी। इसके बाद छत्तीसगढ़ टीचर्स एसोसिएशन का एक प्रतिनिधि मंडल कलेक्टर से मिलने के लिए पहुंच गया। टीचरों ने शिक्षा विभाग के कुछ अधिकारी के निरीक्षण के दौरान वीडियो बनाकर सोशल मीडिया में वायरल करने की ओर ध्यानाकर्षित कराया।

शिक्षकों की अलग-अलग मांगों को लेकर सौंपा ज्ञापन
इसके अलावा शिक्षकों की अलग-अलग मांगों को लेकर ज्ञापन सौंपा गया। इसके लिए चरणबद्ध तरीके से ज्ञापन दिया जा रहा है। इसमें शासन के सामने शिक्षकों ने कई मांगे रखी हैं।

  • शिक्षक एलबी संवर्ग को प्रथम नियुक्ति तिथि से सेवा अवधि मानकर क्रमोन्नति
  • कुल शिक्षकीय सेवा के आधार पर पदोन्नति
  • प्राथमिक शिक्षा को विशेष शिक्षकीय सेवा मानकर व्याख्याता व शिक्षक के वेतनमान के अंतर के अनुपात में सहायक शिक्षक के वेतनमान में सुधार
  • वादे के अनुसार पुरानी पेंशन योजना के बहाली
  • एक जुलाई 2019 से लंबित 16 प्रतिशत मंहगाई भत्ता देय तिथि से जारी करते हुए 28 प्रतिशत मंहगाई भत्ता
  • पंचायत संवर्ग के दिवंगत शिक्षकों को तकनीकी संविलियन मानते हुए उनके आश्रित को सहायक शिक्षक, सहायक शिक्षक विज्ञान, लिपिक, भृत्य के पदों पर वांछित पात्रता व अर्हता अनुसार अनुकम्पा नियुक्ति
  • सेवानिवृत्ति व मृत्यु उपादान, ग्रेच्युटी व अवकाश नकदीकरण

कल से ट्वीटर पर चलाएंगे कैंपेन
एसोसिएशन के जिलाध्यक्ष रमेश चन्द्रवंशी ने बताया कि चार चरणों में ज्ञापन देने के बाद अब अगले चरण के तहत 8 अगस्त को ट्वीटर पर अगस्त क्रांति कैंपेन चलाएंगे। इसका उद्देश्य मुख्यमंत्री तक अपनी मांगें पहुंचाना है। इसके बाद 17 से 20 अगस्त के बीच सभी ब्लॉक मुख्यालयों में SDM और तहसीलदार के माध्यम से ज्ञापन सौंपा जाएगा।