बालोद के खैरवाही के ‘ज्योतिष’ ने बनाई बैटरी चलित साइकिल

त्वरित ख़बरें - तीन घंटे चार्ज करने पर 16 किमी का माइलेज मिलेगा

गुरूर के खैरवाही निवासी 35 वर्षीय ज्योतिष कुमार साहू ने कुछ ऐसा कर दिखाया है, जिसकी चर्चा जिले में है। इन्होंने मात्र 10 हजार रुपए में ही बैटरी से चलने वाली साइकिल तैयार कर ली है। जो एक बार चार्ज करने में 16 किलोमीटर तक का एवरेज देती है, जिसके चार्जिंग का खर्च 3 रुपए आता है। ज्योतिष ने साइकिल में हार्न और लाइट भी लगाई है। अब इस साइकिल से उनका परिवार आस-पास के गांव व घर के अन्य काम के लिए उपयोग कर रहा है।

जानिए, आखिर इसे कैसे बनाया
ज्योतिष ने  बताया कि लॉकडाउन में जब काम बंद हुआ और पैसे की कमी हुई इधर पेट्रोल के दाम भी बढ़े, गुरूर व अन्य स्थानों का सफर महंगा हुआ तब मैने सोचा कि कुछ ऐसा करूं की कुछ बचत हो। इसके लिए मैने इसमें सबसे पहले 24 वाट का मोटर लाया। फिर 3.7 वॉट की 49 बैटरी को 7-7 करके जोड़ा।

साइकिल में दो फ्री व्हील लगाया, जिससे पैडल से भी यह चलता है और बैटरी से भी। कुछ समान ऑनलाइन मंगवाया और कुछ घर से ही मिल गया। लोक कलाकार जितेन्द्र साहू ने बताया कि यह जिले की पहली साइकिल है जो बैटरी से चल रही है। लोग इस साइकिल को देखने और सीखने के लिए ज्योतिष से मिल रहे हैं। इस सफल प्रयास के बाद आस-पास के युवा उनसे मिलने उनके इस नए इजाद को देखने उनके घर आ रहे हैं।