छत्तीसगढ़ के जांजगीर में बाइक सवार बदमाशों ने ट्रक रुकवा कर लूट लिया

त्वरित ख़बरें -मारपीट कर रुपए भी छीने, तभी पीछे आ रहे अन्य ट्रक ड्राइवरों ने दौड़ाया, बाइक छोड़ भागे; 3 गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के जांजगीर में बाइक सवार बदमाशों ने देर रात बीच सड़क ट्रक रुकवा कर लूट लिया। बदमाशों ने ट्रक ड्राइवर से भी मारपीट की और रुपए छीन लिए। बदमाश भागने लगे तो ड्राइवर ने शोर मचाया। इस दौरान पीछे से आ रहे अन्य ट्रक ड्राइवरों ने बदमाशों को दौड़ा लिया। इसके बाद बदमाश बाइक छोड़कर भाग निकले। सूचना मिलने पर पुलिस ने तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। मामला बम्हनीडीह थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के मुताबिक, रायपुर निवासी ट्रक ड्राइवर कुमार यादव 8 फरवरी को अपनी ट्रक में मेल स्केल पाउडर लोड की चांपा के लिए निकला था। इसी दौरान रास्ते में रात करीब 1.15 बजे चारपारा के पास बाइक सवार तीन युवकों ने ट्रक के आगे आकर उसे रुकवा लिया। ड्राइवर को गालियां देते हुए उसे नीचे खींच लिया और मारपीट की। इसके बाद पर्स लूट लिया। पर्स में 2800 रुपए सहित अन्य दस्तावेज और आधार कार्ड था।

बदमाश लूटकर भागने लगे तो ड्राइवर कुमार ने शोर मचाया। इस दौरान पीछे आ रहे अन्य ट्रक चालकों ने बाइक सवारों का पीछा किया। इस पर बदमाश हड़बड़ा गए और बाइक छोड़कर भाग निकले। इसके बाद ट्रक ड्राइवर थाने पहुंचा और FIR दर्ज कराई। पुलिस ने बाइक नंबर के आधार पर बम्हनीडीह के वार्ड-19 निवासी दिलीप कुमार पटेल, वार्ड-17 के दिनेश कुमार जायसवाल और पटेल पारा बैगुराम यादव को गिरफ्तार कर लिया।