रिसाली नगर निगम प्रशासन ने मैत्रीकुंज स्थित आकृति अपार्टमेंट की 150 फिट लंबी बाउंड्रीवाल को ढहा दिया है। अपार्टमेंट के मालिक ने नाले की 100 फिट जमीन पर अतिक्रमण करके उस पर दीवार खड़ी कर दिया था। इससे नाले का निर्माण कार्य रुक गया था। कई बार नोटिस के बाद भी जब उसने बाउंड्रीवाल नहीं तोड़ा तो निगम की टीम ने गुरुवार को उसे ढहा दिया।
रिलाली नगर निगम मैत्रीकुंज क्षेत्र में नाला निर्माण कर रहा है। आकृति अपार्टमेंट की बेजाकब्जा बाउंड्रीवाल के चलते नाले का निर्माण कार्य पिछले 4 माह से अटका पड़ा है। महापौर ने जब कार्य की प्रगित रिपोर्ट पर नाराजगी जाताई तो उन्हें पता चला कि बेजाकब्जा के चलते कार्य रुका हुआ है। इस पर उन्होंने राजस्व विभाग की टीम कार्रवाई करने के निर्देश दिए। इसके बाद निगम के सहायक अभियंता आरके जैन, उपअभियंता डिगेश्वरी चंद्राकर, राजस्व विभाग के हरचरण सिंह अरोरा व संजय वर्मा की टीम ने कार्यवाही करते हुए पहले योगेश्वर वर्मा के द्वारा किए गए 50 फीट अतिक्रमण को तोड़ा और फिर आकृति अपार्टमेंट की 100 फीट बाउंड्रीवाल को तोड़ा गया।
85 लाख का विकास कार्य था अधूरा
निगम ने बिजली ऑफिस मैत्रीकुंज से रविन्द्र भगत के निवास स्थान तक 400 मीटर नाला निर्माण कार्य की स्वीकृत दी थी। 85 लाख की लागत से यहां 3.40 मीटर चैड़ा नाले का निर्माण किया जाना था, लेकिन अतिक्रमण की वजह से पिछले 4 माह से कार्य बंद है।
जल भराव की समस्या होगी खत्म
सहायक अभियंता आरके जैन ने बताया कि बारिश में मैत्रीकुंज में पानी भरने की शिकायत रहती है। पानी भरने की समस्या को खत्म करने निगम ने नाला चैड़ीकरण करने प्लान बनाया है। अतिक्रमण की वजह से नाला की चैड़ाई कम होने से निर्माण एजेंसी ने निर्माण कार्य बंद कर दिया था। नाला बन जाने के बाद यहां जल भराव की समस्या खत्म हो जाएगी।