छत्तीसगढ़ के जगदलपुर में कांग्रेस पार्षद के खिलाफ FIR की मांग को लेकर मंगलवार को भाजपाइयों ने नगर बंद का आह्वान किया था। लेकिन, नगर बंद करवाने से पहले ही सैकड़ों भाजपाइयों की गिरफ्तारी कर ली गई। जिसे लेकर अब छत्तीसगढ़ में भी सियासत गरमाने लगी है। CG के पूर्व CM और BJP के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष डॉ रमन सिंह ने कांग्रेस के लिए एक धमकी भरा ट्वीट किया है। उन्होंने कहा कि, रायपुर से सरगुजा और बस्तर तक तानाशाही चल रही है। लेकिन, कांग्रेस सरकार सुन लें, न हम डरे हैं न डरेंगे। यह आवाज और बुलंद होगी।
डॉ रमन सिंह ने सवाल करते हुए कहा कि क्या छत्तीसगढ़ में अघोषित आपातकाल है? आवाज दबाने, विरोध कुचलने ये जो पुलिसिया दमन भूपेश बघेल की सरकार कर रही है उसे पूरा प्रदेश देख रहा है। डॉ रमन सिंह ने राजनांदगांव में मीडिया से बातचीत भी की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में आतंक का राज है। इस आतंक के राज को हम खत्म करेंगे। प्रदेश की कांग्रेस सरकार भाजपा के कार्यकर्ताओं पर झूठे अपराध दर्ज करवा रही है। गंडई में कार्यकर्ताओं को दौड़ाया जा रहा है। हर क्षेत्र में पुलिस भाजपा के कार्यकर्ताओं पर झूठे मामले लगा रही है। किसानों को समय पर खाद भी नहीं मिल पा रहा है। डॉ रमन ने कहा कि यह प्रदेश की गूंगी बहरी सरकार है। इसके लिए एक बड़ा जन आंदोलन करने की जरूरत है।
धरमलाल कौशिक बोले- भ्रष्टाचार में डूबी है सरकार
डॉ रमन सिंह के अलावा नेता प्रतिपक्ष धरमलाल कैशिक का भी बयान सामने आया है। धरमलाल कैशिक ने कहा कि जगदलपुर के एक भ्रष्ट कांग्रेसी पार्षद को बचाने के लिए मेयर से लेकर मुख्यमंत्री तक लगे हुए हैं। पूरे जगदलपुर शहर को छावनी के रूप में तब्दील कर दिया गया है। हमारे नेता जिनमें केदार कश्यप, संतोष बाफना, किरणदेव, रूपसिंह मंडावी, संजय पांडेय समेत कइयों की गिरफ्तारी कर ली गई है। शहर के व्यापारियों को धमकी देकर कहा गया है यदि वे अपनी दुकानें बंद करते हैं तो उनपर सख्ती से कार्रवाई की जाएगी। FIR करेंगे।
पुलिस प्रशासन सरकार के इशारे पर काम कर रही है। सरकार भ्रष्टाचारियों को बचाने के लिए लगी हुई है। यह साफ हो गया है कि छत्तीसगढ़ में कांग्रेस ऊपर से लेकर नीचे तक भ्रष्टाचार में डूबी हुई है। CG में हत्याएं बढ़ गई है, पैसों की मांग की जा रही है। तस्करों का बोलबाला देखने को मिल रहा है। अवैध उत्खनन और अवैध शराब की तस्करी भी बढ़ गई है। यहां पर पुलिस को कार्रवाई करनी चाहिए। CG में लोकतंत्र की हत्या की जा रही है। भाजपा के कार्यकर्ता डरेंगे नहीं, बल्कि अन्याय के खिलाफ लड़ेंगे।