बेमेतरा। जिले को बाल विवाह मुक्त बनाने के लिए कलेक्टर सुश्री प्रतिष्ठा ममगाईं ने जिलेवासियों से सामाजिक जागरूकता बढ़ाने और बाल विवाह के खिलाफ एकजुट होकर संकल्प लेने की अपील की है। उन्होंने कहा कि बाल विवाह केवल कानूनी अपराध ही नहीं, बल्कि सामाजिक अभिशाप भी है। इससे बच्चों का शारीरिक, शैक्षणिक, आर्थिक और सामाजिक विकास प्रभावित होता है तथा उनके अधिकारों का गंभीर हनन होता है।
कलेक्टर ने बताया कि बाल विवाह की रोकथाम के लिए भारत सरकार द्वारा बाल विवाह मुक्त भारत अभियान और छत्तीसगढ़ शासन द्वारा बाल विवाह मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान संचालित किया जा रहा है। इसके तहत समाज के सभी वर्गों की भागीदारी जरूरी है।
27 नवंबर को होंगे विशेष जागरूकता कार्यक्रम
कलेक्टर ने बताया कि संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा 27 नवंबर को बाल, प्रारंभिक एवं जबरन विवाह उन्मूलन के लिए अंतरराष्ट्रीय दिवस घोषित किया गया है। इस अवसर पर जिले में विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन करने की अपील की गई है।
उन्होंने जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों, सामाजिक संगठनों और अन्य हितधारकों से आग्रह किया कि 27 नवंबर 2026 को ग्राम सभाओं के साथ स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित करें। इन कार्यक्रमों में बाल विवाह नहीं करने और बाल विवाह का विरोध करने की शपथ भी दिलाई जाए।
बाल विवाह रोकने में सभी की भागीदारी जरूरी
कलेक्टर प्रतिष्ठा ममगाईं ने कहा कि बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीति को समाप्त करने के लिए केवल प्रशासन ही नहीं, बल्कि समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी होगी। उन्होंने जिलेवासियों से बाल विवाह की रोकथाम में सक्रिय सहभागी बनने और बेमेतरा को बाल विवाह मुक्त जिला बनाने का संकल्प लेने की अपील की।