दुर्ग। जिला कार्यालय में मंगलवार को आयोजित जनदर्शन कार्यक्रम में कलेक्टर अभिजीत सिंह ने आम नागरिकों की समस्याएं सुनीं। इस दौरान विभिन्न समस्याओं और मांगों से संबंधित कुल 63 आवेदन प्राप्त हुए। कलेक्टर ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आवेदनों पर शीघ्र कार्रवाई कर समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश दिए। इस दौरान संयुक्त कलेक्टर राहुल कुमार रजक भी मौजूद रहे।
जनदर्शन में अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास योजना, भूमि सीमांकन, सीसी रोड निर्माण, ऋण पुस्तिका में सुधार और आर्थिक सहायता सहित कई विषयों पर आवेदन मिले।
बार-बार पाइपलाइन टूटने से पेयजल संकट
नगर निगम क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 58 उरला के रहवासियों ने पेयजल समस्या को लेकर नई पाइपलाइन बिछाने की मांग की। वार्डवासियों ने बताया कि अमृत मिशन योजना के तहत घरों तक लंबी पाइपलाइन बिछाई गई है, लेकिन मार्ग से भारी वाहनों की आवाजाही के कारण पाइपलाइन बार-बार क्षतिग्रस्त हो जाती है। मरम्मत के बाद भी कुछ दिनों में फिर पाइपलाइन टूटने से घरों में पानी की आपूर्ति बाधित हो जाती है। रहवासियों ने स्थायी समाधान के लिए नई पाइपलाइन बिछाने की मांग की।
आंधी-तूफान से मकान क्षतिग्रस्त, आर्थिक सहायता की मांग
विकासखंड दुर्ग के ग्राम भेड़सर निवासी एक आवेदक ने भारी बारिश और आंधी-तूफान से मकान पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने पर आर्थिक सहायता मांगी। आवेदक ने बताया कि परिवार की आर्थिक स्थिति कमजोर है और शारीरिक रूप से असमर्थ होने के कारण परिवार के सदस्य मजदूरी भी नहीं कर पा रहे हैं। मकान क्षतिग्रस्त होने से रहने और जीवनयापन की समस्या खड़ी हो गई है। इस पर कलेक्टर ने तहसीलदार दुर्ग को आपदा के तहत नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
50 मीटर सीसी रोड निर्माण की मांग
ग्राम पंचायत चंदखुरी के ग्रामीणों ने वार्ड क्रमांक 1 में लगभग 50 मीटर सड़क का सीमेंटीकरण कराने के लिए आवेदन दिया। ग्रामीणों के अनुसार सड़क निर्माण नहीं होने से बारिश के दौरान कीचड़ और जलभराव की स्थिति बन जाती है, जिससे आवागमन में परेशानी होती है। ग्रामीणों ने बताया कि लंबे समय से सड़क निर्माण लंबित है। इस पर कलेक्टर ने जनपद पंचायत के सीईओ को मौके का निरीक्षण कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनदर्शन के दौरान कलेक्टर ने सभी आवेदनों पर गंभीरता से विचार करते हुए संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध तरीके से निराकरण सुनिश्चित करने को कहा।