भिलाई। क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और नागरिकों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराने के उद्देश्य से रूआबांधा में नवीन पुलिस चौकी शुरू कर दी गई है। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने 24 नवंबर को इस चौकी का उद्घाटन किया था। वहीं 25 नवंबर को पूजा-अर्चना एवं धार्मिक अनुष्ठान के बाद यहां नियमित पुलिस कार्य प्रारंभ हो गया।
नई पुलिस चौकी के शुरू होने से दुर्ग ग्रामीण विधानसभा क्षेत्र के वार्ड क्रमांक 1, 2, 3, 4 और 5 के नागरिकों को स्थानीय स्तर पर पुलिस सहायता मिल सकेगी। इससे क्षेत्र में पुलिस की नियमित मौजूदगी और निगरानी बढ़ेगी।
इन क्षेत्रों को चौकी में किया गया शामिल
नवीन पुलिस चौकी रूआबांधा के अंतर्गत रूआबांधा बस्ती, मायानगर, एचसीएल कॉलोनी, सेक्टर क्षेत्र, एनएसपीसीएल कॉलोनी, तलपुरी ए एवं बी ब्लॉक, मंडी क्षेत्र और नवनिर्माण कॉलोनी सी ब्लॉक को शामिल किया गया है।
चोरी, मारपीट और नशे के कारोबार पर रहेगी नजर
पुलिस के अनुसार, रूआबांधा क्षेत्र में चोरी, मारपीट, आपसी विवाद, नशे के अवैध कारोबार और असामाजिक गतिविधियों से संबंधित शिकायतें सामने आती रही हैं। विशेष रूप से शनिवार बाजार में भीड़ अधिक होने के कारण सुरक्षा व्यवस्था की जरूरत महसूस की जा रही थी।
नई चौकी के माध्यम से इन गतिविधियों पर निगरानी रखी जाएगी। साथ ही छोटी घटनाओं और विवादों में तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराने, असामाजिक तत्वों के खिलाफ कार्रवाई करने तथा बाजार क्षेत्र में सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था बेहतर बनाने पर जोर रहेगा।
चौकी के उद्घाटन कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री अरुण साव, शिक्षा मंत्री गजेंद्र यादव, विधायक ललित चंद्राकर सहित जनप्रतिनिधि एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे। वहीं नियमित कामकाज की शुरुआत के अवसर पर स्थानीय जनप्रतिनिधियों और गणमान्य नागरिकों ने भी हिस्सा लिया।
पुलिस का मानना है कि नई चौकी शुरू होने से पांच वार्डों के नागरिकों को पुलिस सेवाओं तक आसान पहुंच मिलेगी और क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने में मदद मिलेगी।