सांसद विजय बघेल की सुरक्षा में पदस्थ सुरक्षा अधिकारी गोविंद दीक्षित सेवानिवृत्त
सांसद कार्यालय में आयोजित हुआ भावभीना विदाई समारोह....
दुर्ग। सांसद विजय बघेल की सुरक्षा में सुरक्षा अधिकारी के रूप में सेवाएं दे रहे गोविंद दीक्षित के शासकीय सेवा से सेवानिवृत्त होने पर सांसद कार्यालय में भावभीना विदाई समारोह आयोजित किया गया।
इस अवसर पर सांसद विजय बघेल ने गोविंद दीक्षित को सेवानिवृत्ति पर शुभकामनाएं देते हुए उनके सेवाकाल की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2008 से 2026 तक लगभग 18 वर्षों की शासकीय सेवा के दौरान दीक्षित ने पूरी निष्ठा, समर्पण और जिम्मेदारी के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन किया। सांसद की सुरक्षा व्यवस्था में उनके द्वारा दी गई सेवाएं महत्वपूर्ण एवं सराहनीय रही हैं।
सांसद विजय बघेल ने दीक्षित के स्वस्थ, सुखमय एवं आनंदमय भविष्य की कामना करते हुए कहा कि सेवानिवृत्ति शासकीय सेवा का अंत नहीं, बल्कि जीवन के नए अध्याय की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि दीक्षित अपने अनुभव और सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे भी समाज के लिए योगदान देते रहेंगे।
विदाई समारोह में सांसद कार्यालय के पदाधिकारी, कर्मचारी एवं अन्य सहयोगी उपस्थित रहे। सभी ने गोविंद दीक्षित के सेवाकाल को याद करते हुए उनके प्रति सम्मान एवं शुभकामनाएं व्यक्त कीं। इस अवसर पर उन्हें पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-चिह्न भेंटकर सम्मानित किया गया।
गोविंद दीक्षित ने सांसद विजय बघेल एवं सांसद कार्यालय के सभी सहयोगियों के प्रति आभार व्यक्त किया तथा अपने सेवाकाल के अनुभव साझा किए। समारोह सौहार्दपूर्ण एवं भावुक वातावरण में संपन्न हुआ।