दुर्ग जिले में नशीली दवाओं के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। भिलाईनगर पुलिस ने लाल मैदान, हुडको स्थित गणेश पंडाल के पास कार्रवाई करते हुए अवैध नशीली अल्प्राजोलम टैबलेट के साथ तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 260 टैबलेट, एक कार और 4 मोबाइल फोन जब्त किए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 27 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि लाल मैदान, हुडको स्थित गणेश पंडाल के पास एक सफेद कार में कुछ लोग अवैध नशीली टैबलेट रखे हुए हैं। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर संदिग्ध कार की घेराबंदी की और उसमें मौजूद तीन लोगों को पकड़ा।
तलाशी के दौरान पुलिस को कुल 260 नग अल्प्राजोलम टैबलेट मिलीं। इनका वजन 33.800 ग्राम और अनुमानित कीमत करीब 1 लाख 4 हजार रुपये बताई गई है। पुलिस के अनुसार, हेमन्त कुमार देवांगन के पास से 160, अमन सिंह से 50 और आशीष दास से 50 टैबलेट बरामद हुईं। टैबलेट के संबंध में आरोपियों से वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वे दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने घटना में इस्तेमाल सफेद रंग की कार क्रमांक CG 04 H 4345, जिसकी अनुमानित कीमत 70 हजार रुपये है, और 4 मोबाइल फोन, जिनकी अनुमानित कीमत 50 हजार रुपये बताई गई है, भी जब्त किए।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान हेमन्त कुमार देवांगन (31), आशीष दास (26) और अमन सिंह (22) के रूप में हुई है। मामले में अपराध क्रमांक 540/2026 के तहत NDPS Act की धारा 22(ख) में अपराध दर्ज कर तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर भेजा गया है।
दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशीली दवाओं और अन्य मादक पदार्थों के अवैध कारोबार की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।