दुर्ग जिले के रसमड़ा में घर की अलमारी से सोने के आभूषण चोरी करने के मामले में अंजोरा चौकी पुलिस ने 30 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के घर से चोरी किए गए सोने के आभूषण भी बरामद कर लिए हैं।
पुलिस के मुताबिक, 25 सितंबर 2026 को रसमड़ा निवासी सरोज निषाद (38 वर्ष) ने घर की अलमारी से सोने के आभूषण चोरी होने की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। रिपोर्ट के आधार पर अंजोरा चौकी पुलिस ने अपराध क्रमांक 845/2026, धारा 305(क) BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की।
विवेचना के दौरान पुलिस को पी. विकास राव (30 वर्ष), निवासी रसमड़ा पर संदेह हुआ। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपी ने चोरी की घटना स्वीकार की और चोरी किए गए आभूषण अपने घर में छिपाकर रखने की जानकारी दी।
पुलिस टीम ने आरोपी की निशानदेही पर उसके घर से चोरी किए गए सोने की दो ईयरिंग और सोने की एक ठूसी माला बरामद की। इसके बाद आरोपी को 27 सितंबर 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय के समक्ष पेश किया गया।
पुलिस के अनुसार, आरोपी ने घर की अलमारी से सोने के आभूषण चोरी करने के बाद उन्हें अपने घर में छिपाकर रखा था। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।