कोरबा: महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या, पड़ोसी गिरफ्तार, डॉग बाघा ने 500 मीटर दौड़कर पकड़वाया हत्यारा...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

 कोरबा में महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या, पड़ोसी गिरफ्तार, डॉग बाघा ने सुलझाई गुत्थी

कोरबा। जिले के पसान थाना क्षेत्र के ग्राम लोकहड़ा में महिला की हत्या के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। आरोपी कोई और नहीं बल्कि मृतका का पड़ोसी निकला। इस केस को सुलझाने में डॉग स्क्वॉड के खोजी कुत्ते बाघा ने अहम भूमिका निभाई।

 खेत के पास मिला था शव

23 सितंबर को ग्राम लैंगा के पास लोकहड़ा में 24 वर्षीय सुखमनिया एक्का का शव संदिग्ध हालत में मिला था। सिर पर पत्थर से वार कर हत्या की गई थी। सूचना पर पसान थाना प्रभारी सुरेन्द्र यादव टीम के साथ मौके पर पहुंचे। एसडीओपी विजय सिंह राजपूत ने भी मौका मुआयना किया। पुलिस ने रक्तरंजित पत्थर जब्त कर जांच शुरू की।

 डॉग बाघा ने किया कमाल

ग्राम लोकहड़ा वनांचल क्षेत्र है और पहाड़ियों के बीच बसा होने से तकनीकी संसाधनों की कमी है। ऐसे में पुलिस ने डॉग बाघा को लगाया। बाघा ने घटनास्थल से सुराग लेकर करीब आधा किलोमीटर दूर एक घर में घुस गया। पुलिस ने वहां रहने वाले सहस राम को हिरासत में लिया।

 इसलिए की हत्या

पूछताछ में आरोपी सहस राम मिंज (38) निवासी उरांवपारा ने बताया कि मृतका उसकी पत्नी की सहेली थी। सुखमनिया शराब पीती थी और उसकी पत्नी और छोटे भाई की पत्नी को भी शराब पिलाती थी। कई बार मना करने पर भी नहीं मानी।

22 सितंबर की शाम आरोपी बकरी चराकर लौटा तो तीनों शराब के नशे में हुल्लड़ कर रही थीं। गुस्से में उसने सुखमनिया को घर से भगा दिया। जब वह अपने चाचा के घर जा रही थी तो आरोपी ने पीछा कर मुडहीकुवां खेत के पास पत्थर से हमला कर हत्या कर दी।

एसपी सिद्धार्थ तिवारी, एएसपी नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।