दुर्ग में नशीली कैप्सूल की बिक्री पर कार्रवाई: 80 SPASMO कैप्सूल के साथ 2 आरोपी गिरफ्तार, ₹6,080 नकद जब्त

त्वरित खबरें :- नेहा साहू रिपोर्टिंग

दुर्ग जिले में सूखा नशा के खिलाफ पुलिस की कार्रवाई लगातार जारी है। नेवई थाना पुलिस ने स्टेशन मरोदा के शिवपारा इलाके में अवैध रूप से नशीली दवाइयों की बिक्री करने के आरोप में दो लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 80 नग SPASMO कैप्सूल, 6,080 रुपये नकद और दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं।

पुलिस के मुताबिक, 27 सितंबर 2026 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि स्टेशन मरोदा, शिवपारा क्षेत्र में दो व्यक्ति नशीली कैप्सूल बेच रहे हैं। सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस टीम ने स्वतंत्र गवाहों के साथ शीतला तालाब के पास घेराबंदी की और मौके से भोजराज मारकण्डे उर्फ भोजू (36 वर्ष) और चंद्रशेखर साहू उर्फ शेखर साहू (32 वर्ष) को पकड़ा।

तलाशी के दौरान दोनों के कब्जे से कुल 80 नग नीले रंग की SPASMO कैप्सूल बरामद हुईं। पुलिस के अनुसार, इन कैप्सूल का कुल वजन 48 ग्राम है। बरामद दवाइयों के संबंध में आरोपी कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। इसके बाद पुलिस ने कैप्सूल को जब्त कर लिया।

जांच के दौरान पुलिस ने नशीली कैप्सूल की बिक्री से प्राप्त 6,080 रुपये की रकम और दो मोबाइल फोन भी जब्त किए। दोनों आरोपियों को 27 सितंबर को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर दुर्ग न्यायालय भेजा गया।

मामले में थाना नेवई में अपराध क्रमांक 637/2026 दर्ज कर NDPS Act की धारा 22(बी) और 27(क) के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस ने बताया कि नशीली दवाइयों की अवैध बिक्री और परिवहन के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

दुर्ग पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि नशीली दवाइयों या अन्य मादक पदार्थों की अवैध बिक्री और परिवहन की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।