महादेव सट्टा एप मामला: हवाला और पैनल ऑपरेटर अभिषेक कुमार गिरफ्तार, दुबई से लौटते ही CBI ने दबोचा

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

रायपुर। बहुचर्चित महादेव ऑनलाइन सट्टा एप मामले में केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए वांटेड आरोपी अभिषेक कुमार को गिरफ्तार किया है। CBI के मुताबिक, आरोपी दुबई से भारत लौटा था और हैदराबाद के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर पहुंचते ही उसे गिरफ्तार कर लिया गया। इसके बाद उसे ट्रांजिट रिमांड पर रायपुर लाया गया।

जांच एजेंसी के अनुसार, अभिषेक कुमार की भूमिका महादेव बुक के तहत ऑनलाइन सट्टेबाजी और जुआ संचालन, सट्टा पैनलों के समन्वय तथा फंड कलेक्शन से जुड़ी रही है। CBI ने यह भी कहा है कि आरोपी ने कथित तौर पर सट्टेबाजी से प्राप्त रकम से दुबई में अचल संपत्तियां हासिल कीं। गिरफ्तारी के बाद तलाशी में जांच से संबंधित सामग्री भी बरामद की गई है।

CBI के अनुसार, अभिषेक कुमार ने महादेव एप से जुड़े अन्य प्रमुख आरोपियों सौरभ चंद्राकर और शुभम सोनी के साथ मिलकर काम किया था। हैदराबाद की स्थानीय अदालत से उसे तीन दिन की ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद रायपुर लाया गया, जहां अदालत ने CBI को दो दिन की पुलिस कस्टडी दी।

महादेव एप मामले में छत्तीसगढ़ सरकार ने अलग-अलग थानों में दर्ज 13 FIR CBI को ट्रांसफर की थीं। एजेंसी अब तक मामले में 100 आरोपियों के खिलाफ 8 चार्जशीट दाखिल कर चुकी है। इनमें कथित मुख्य प्रमोटर, पैनल ऑपरेटर, हवाला ऑपरेटर और सरकारी कर्मचारी शामिल हैं। मामले में फरार आरोपियों की तलाश और जांच आगे भी जारी है।

CBI ने बताया कि मुख्य प्रमोटरों को भारत लाने के प्रयास भी जारी हैं। एजेंसी के अनुसार, अब तक 7 रेड कॉर्नर नोटिस और 2 प्रत्यर्पण प्रस्ताव भेजे जा चुके हैं। मामले में आगे की जांच के दौरान सट्टेबाजी नेटवर्क और कथित अवैध कमाई से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।