बेमेतरा में ट्रांसफार्मर ब्लास्ट: गर्म तेल में झुलसे 3 किसानों की मौत, फसल बचाने खुद बना रहे थे बिजली
बेमेतरा। जिले के दाढ़ी थाना क्षेत्र के ग्राम हेमाबंद खार में दर्दनाक हादसा हो गया। ट्रांसफार्मर फटने से गर्म तेल की चपेट में आए पिता-पुत्र समेत 3 किसानों ने दम तोड़ दिया। तीनों 6 दिन तक रायपुर के आंबेडकर अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझते रहे।
कैसे हुआ हादसा?
घटना 20 सितंबर की सुबह 9 बजे की है। ग्राम मोहतरा के किसान राधेश्याम चंद्राकर (50), उनके बेटे छन्नू चंद्राकर (32) और ईश्वर पटेल खेत में सिंचाई के लिए बिजली बंद होने से परेशान थे। वे ट्रांसफार्मर में डीओ फ्यूज चढ़ाने गए थे, तभी अचानक ट्रांसफार्मर तेज धमाके के साथ फट गया। गर्म तेल सीधे तीनों पर गिरा और वे गंभीर रूप से झुलस गए।
पहले बेमेतरा जिला अस्पताल, फिर रायपुर के निजी अस्पताल और बाद में मंत्री दयालदास बघेल की पहल पर आंबेडकर अस्पताल में भर्ती कराया गया। 25 सितंबर को तीनों की मौत हो गई।
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
मृतक किसान बेहद गरीब परिवार से हैं। राधेश्याम के तीन बेटे हैं, जिनमें से एक छन्नू की मौत हो गई। छन्नू के दो छोटे बच्चे हैं।
बिजली विभाग बोला - शिकायत ही नहीं मिली
सीएसपीडीसीएल के सहायक मंत्री चंद्रकांत साहू ने कहा कि कॉल सेंटर या कार्यालय में बिजली बंद होने की कोई शिकायत दर्ज नहीं थी। मुआवजे की प्रक्रिया शुरू की गई है।