मुख्यमंत्री साय की पहल से जशपुर को मिली बड़ी सौगात: गिरमा नदी पर पुल बनकर तैयार, ग्रामीणों ने जताया आभार...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

 रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में जशपुर जिले में अधोसंरचना विकास के कार्य तेजी से हो रहे हैं। इसी कड़ी में जिले के बोकी-आरा मार्ग पर गिरमा नदी पर बने 100 मीटर लंबे उच्च स्तरीय पुल का निर्माण पूरा हो गया है।

लोक निर्माण विभाग द्वारा 4 करोड़ 41 लाख 33 हजार रुपये की लागत से इस पुल और पहुंच मार्ग का निर्माण किया गया है। पुल के शुरू होने से बोकी, बालाछपर, कोरमकेरा, बिरोपानी, रनपुर, सालेकेरा, नारायणपुर और झिलमिली सहित 8 गांवों के 5100 से ज्यादा लोगों को बारहमासी आवागमन की सुविधा मिलेगी।

 वर्षों पुरानी समस्या का समाधान

स्थानीय लोगों के अनुसार, पहले बरसात में गिरमा नदी का जलस्तर बढ़ने से बोकी-आरा मार्ग बंद हो जाता था। इससे स्कूल जाने वाले बच्चों, मरीजों और किसानों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। अब पुल बनने से यह समस्या हमेशा के लिए खत्म हो गई है।

 रामरेखा धाम का सफर आसान

इस पुल के बनने से झारखंड के प्रसिद्ध धार्मिक स्थल रामरेखा धाम जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी रास्ता सुगम हो गया है।

उल्लेखनीय है कि जशपुर जिले में 22 उच्च स्तरीय पुलों की स्वीकृति दी गई है, जिनमें से 2 पुल बनकर तैयार हो चुके हैं। पुल निर्माण पूरा होने पर क्षेत्रवासियों ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रति आभार व्यक्त किया है।