गौरेला-पेंड्रा-मरवाही। गौरेला-पेंड्रा-मरवाही जिले के राजस्व विभाग में बड़े पैमाने पर फेरबदल किया गया है। कलेक्टर कार्यालय ने एक साथ 60 पटवारियों के हल्के बदल दिए हैं। इसका आदेश 21 सितंबर 2026 को भू-अभिलेख शाखा की ओर से जारी किया गया है।
4 तहसीलों में 60 पटवारियों का तबादला
जिले की चार प्रमुख तहसीलों में यह बदलाव किया गया है। इसमें -
- मरवाही तहसील के 22 पटवारी
- पेंड्रारोड तहसील के 18 पटवारी
- पेंड्रा तहसील के 10 पटवारी
- सकोला तहसील के 10 पटवारी
इस तरह कुल 60 पटवारियों को इधर से उधर किया गया है। उन्हें नई जगहों पर हल्का आबंटित किया गया है।
एक ही जगह जमे होने से किया तबादला
सूत्रों के मुताबिक कई पटवारी 3 से 4 साल से एक ही हल्के में पदस्थ थे। इससे काम में लेटलतीफी और शिकायतें मिल रही थीं। इसी को देखते हुए कलेक्टर ने प्रशासनिक व्यवस्था में कसावट लाने के लिए यह कदम उठाया है। अब सभी पटवारियों को नए हल्के में जाकर राजस्व संबंधी कामकाज संभालना होगा।
तीन दिन में जॉइन करने के निर्देश
आदेश में साफ कहा गया है कि सभी स्थानांतरित पटवारियों को तत्काल प्रभाव से कार्यमुक्त माना जाए। सभी को तीन दिवस के भीतर अपने नए तहसील कार्यालय में हाजिरी लगानी होगी और नए हल्के का प्रभार लेना होगा। अगर कोई पटवारी समय पर जॉइन नहीं करता है तो उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
कलेक्टर कार्यालय ने पूरी ट्रांसफर लिस्ट जारी कर दी है, जिसमें किस पटवारी को कौन सा नया हल्का दिया गया है, इसकी पूरी जानकारी दी गई है।