दुर्ग। अवैध शराब की बिक्री पर कार्रवाई के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कुम्हारी पुलिस ने परसदा क्षेत्र में एक युवक को अवैध रूप से देशी शराब बेचते हुए गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 30 पौवा देशी मसाला शराब और बिक्री की रकम बरामद की है। जब्त सामग्री की कुल कीमत करीब ₹3,100 बताई गई है।
पुलिस के मुताबिक, 22 सितंबर 2026 को थाना कुम्हारी की टीम क्षेत्र में पेट्रोलिंग कर रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि केवलचाम रोड, परसदा में एक व्यक्ति अवैध रूप से देशी शराब की बिक्री कर रहा है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने मौके पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपी की पहचान डालेन्द्र उर्फ डालू सेन (20 वर्ष), निवासी वार्ड 16, परसदा के रूप में की है। तलाशी के दौरान उसके पास रखी सफेद रंग की प्लास्टिक बोरी से 30 पौवा शोले देशी मसाला शराब, जिसकी अनुमानित कीमत ₹3,000 है, बरामद की गई। इसके अलावा शराब बिक्री से प्राप्त ₹100 नकद भी जब्त किया गया।
पुलिस के अनुसार आरोपी शराब को प्लास्टिक बोरी में रखकर क्षेत्र में अवैध रूप से बेच रहा था। मामले में थाना कुम्हारी में अपराध क्रमांक 286/2026, धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।
इस कार्रवाई में पीएसआई गगासागर पात्र, आरक्षक दशरथ सेठी और आरक्षक राजेश पूर्व की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों पर नजर रखने के लिए पेट्रोलिंग और निगरानी लगातार जारी है।
दुर्ग पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि अवैध शराब की बिक्री या किसी अन्य अवैधानिक गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें। पुलिस के अनुसार सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान को यथासंभव गोपनीय रखते हुए नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।