खेल प्रतिभाओं के लिए सुनहरा मौका: रायपुर में 23-24 सितंबर को चयन ट्रायल, 13 से 17 वर्ष के खिलाड़ी ले सकेंगे हिस्सा...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

रायपुर में खेल प्रतिभाओं के लिए सुनहरा मौका, 23-24 सितंबर को चयन ट्रायल

रायपुर। राज्य शासन के खेल एवं युवा कल्याण विभाग द्वारा रायपुर जिले में संचालित गैर-आवासीय खेल अकादमियों में प्रवेश एवं प्रवेश नवीनीकरण के लिए 23 और 24 सितंबर को चयन ट्रायल आयोजित किए जाएंगे। चयन ट्रायल में 13 से 17 वर्ष आयु वर्ग के राज्य के बालक-बालिका खिलाड़ी तथा अन्य राज्यों के खिलाड़ी भी हिस्सा ले सकेंगे।

इच्छुक खिलाड़ियों का पंजीयन 23 सितंबर को सुबह 7 बजे से 11 बजे तक स्वामी विवेकानंद स्टेडियम, कोटा में किया जाएगा। ट्रायल में शामिल होने के लिए आधार कार्ड, निवास प्रमाण पत्र तथा जन्म प्रमाण पत्र अथवा जन्मतिथि अंकित प्रमाणित अंकसूची प्रस्तुत करना अनिवार्य होगा।

23 सितंबर को गैर-आवासीय बालक-बालिका तीरंदाजी तथा बालिका फुटबॉल के लिए चयन ट्रायल आयोजित होंगे। वहीं 24 सितंबर को बालक-बालिका हॉकी एवं बालक-बालिका एथलेटिक्स के लिए ट्रायल होंगे। चयन प्रक्रिया में दस्तावेज परीक्षण, चिकित्सकीय परीक्षण, शारीरिक दक्षता परीक्षण और खेल कौशल परीक्षण शामिल रहेगा।

चयन ट्रायल में खिलाड़ियों का चयन उनके प्रदर्शन के आधार पर चयन समिति द्वारा किया जाएगा। खेल अकादमी संचालन नियम, 2014 के तहत अंतिम रूप से चयनित खिलाड़ियों को शासन की ओर से निःशुल्क प्रशिक्षण, खेल परिधान, प्लेइंग किट, बीमा और छात्रवृत्ति सहित विभिन्न सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।