दुर्ग। जिले में अपराध नियंत्रण और संदिग्ध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने के लिए दुर्ग पुलिस ने मंगलवार सुबह जुनवानी के खमरिया स्थित पीएम आवास कॉलोनी में व्यापक सरप्राइज चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस ने सुबह 5 बजे से शुरू हुई कार्रवाई के दौरान कॉलोनी में घर-घर पहुंचकर निवासरत लोगों की जानकारी और दस्तावेजों का सत्यापन किया।
यह कार्रवाई भिलाई नगर सीएसपी निशांत पाठक के नेतृत्व में स्मृति नगर चौकी सहित तीन थाना प्रभारियों की संयुक्त पुलिस टीम ने की। पुलिस टीम ने कॉलोनी के अलग-अलग आवासों में जाकर रहने वाले लोगों की जानकारी जुटाई और संदिग्ध व्यक्तियों के संबंध में भी पूछताछ की।
पुलिस के मुताबिक, अभियान का उद्देश्य गुंडा-बदमाशों और आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों की गतिविधियों पर निगरानी रखने के साथ उनके संभावित ठिकानों और छिपने के स्थानों की जानकारी जुटाना था। चेकिंग के दौरान संदिग्ध एवं अनधिकृत रूप से रह रहे लोगों की जानकारी भी संकलित की गई।
जांच के दौरान पीएम आवास कॉलोनी के कुछ आवासों को नियमों के विपरीत किराये पर दिए जाने संबंधी जानकारी का भी सत्यापन किया गया। पुलिस ऐसे आवासों और वहां निवासरत लोगों की जानकारी संबंधित विभाग को उपलब्ध कराएगी, ताकि नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जा सके।
दुर्ग पुलिस का कहना है कि अपराध नियंत्रण और जनसुरक्षा के लिए संदिग्ध व्यक्तियों के सत्यापन और सरप्राइज चेकिंग की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि क्षेत्र में किसी संदिग्ध व्यक्ति या आपराधिक गतिविधि की जानकारी मिलने पर तत्काल पुलिस को सूचित करें। साथ ही मकान किराये पर देने से पहले किरायेदार की पहचान और आवश्यक दस्तावेजों का सत्यापन कराने की अपील की गई है