दुर्ग। पुलिस ने चेन स्नैचिंग के मामले का बड़ा खुलासा किया है। इस मामले में पकड़े गए आरोपी कोई पेशेवर अपराधी नहीं, बल्कि बी.टेक की पढ़ाई करने वाले छात्र-छात्रा हैं।
बुजुर्ग महिला को बनाया निशाना
पहली घटना 31 जुलाई को सुपेला थाना क्षेत्र के प्रियदर्शनी परिसर में हुई। सुबह करीब 6:30 बजे 62 वर्षीय गीता देवी अपने घर के सामने टहल रही थीं, तभी स्कूटी सवार युवक-युवती ने उनके गले से सोने की चेन झपट ली और फरार हो गए। इसके बाद 20 सितंबर को आरोपियों ने फिर से उसी बुजुर्ग महिला को नेहरू नगर ईस्ट की विद्या विहार कॉलोनी में निशाना बनाया।
CCTV से पकड़ में आए आरोपी
लगातार हो रही वारदातों के बाद सुपेला पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज खंगाले। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने विक्की नायक और तरुणा सिन्हा को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने अपना जुर्म कबूल कर लिया।
कैसे देते थे वारदात को अंजाम
एएसपी मणिशंकर चंद्रा ने बताया कि दोनों आरोपी एक ही कॉलेज में पढ़ते हैं। पैसे की जरूरत के चलते उन्होंने चेन स्नैचिंग की प्लानिंग की। युवती स्कूटी चलाती थी और युवक पीछे बैठकर बुजुर्ग महिलाओं की चेन झपटता था। पकड़े न जाएं इसलिए दोनों हेलमेट और कपड़े से मुंह ढककर निकलते थे। सुबह के समय टहलने वाली अकेली महिलाओं को टारगेट करते थे।
चेन और स्कूटी जब्त
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई सोने की चेन का हिस्सा और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी जब्त कर ली है। दोनों आरोपियों को कोर्ट में पेश कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।