रायपुर ग्रामीण में अवैध शराब का खेल! 45 दिनों में 1600 से ज्यादा पौवा जब्त, पुलिस की कार्रवाई से आबकारी विभाग पर उठे सवाल...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

आरंग। रायपुर ग्रामीण क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ पुलिस की लगातार कार्रवाई के बीच आबकारी विभाग की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं। आरंग, मंदिर हसौद और खरोरा थाना क्षेत्रों में पुलिस द्वारा लगातार अवैध शराब की बरामदगी और आरोपियों की गिरफ्तारी की जा रही है। ताजा मामले में मंदिर हसौद पुलिस ने तीन शराब तस्करों को 100 पौवा देशी शराब और नगदी के साथ गिरफ्तार किया है। वहीं छह अन्य लोगों के खिलाफ आबकारी और प्रतिबंधात्मक धाराओं के तहत कार्रवाई की गई है।

45 दिनों में 1600 से ज्यादा पौवा बरामद

पुलिस के उपलब्ध आंकड़ों के मुताबिक, रायपुर ग्रामीण के तीन थाना क्षेत्रों में पिछले 45 दिनों के दौरान अवैध शराब के कई मामले सामने आए हैं। आरंग थाना क्षेत्र में 26 मामले दर्ज किए गए और 35 आरोपियों की गिरफ्तारी के साथ 675 पौवा अवैध शराब जब्त की गई।

इसी तरह मंदिर हसौद थाना क्षेत्र में 26 मामले दर्ज हुए, जिनमें 26 आरोपियों को गिरफ्तार कर 423 पौवा शराब बरामद की गई। वहीं खरोरा थाना क्षेत्र में भी 26 मामले दर्ज किए गए और पुलिस ने 513 पौवा अवैध शराब जब्त की।

इस तरह तीनों थाना क्षेत्रों में पुलिस ने 45 दिनों के भीतर 1600 से अधिक पौवा अवैध शराब बरामद की है। लगातार सामने आ रहे मामलों के बीच अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी नियंत्रण को लेकर संबंधित विभाग की भूमिका और निगरानी व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं।

सरकारी शराब दुकानों से सप्लाई का आरोप

मामले का एक अहम पहलू सरकारी शराब दुकानों से कथित तौर पर अवैध तरीके से शराब की सप्लाई से जुड़ा है। हाल ही में आरंग पुलिस की गुल्लू शराब दुकान में कार्रवाई के दौरान सुपरवाइजर, सेल्समैन, मल्टी-वर्कर और एक संकुल समन्वयक शिक्षक समेत सात लोगों के खिलाफ कार्रवाई की गई थी। पुलिस कार्रवाई के बाद सरकारी शराब दुकानों की निगरानी व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठे हैं।

पुलिस की लगातार कार्रवाई से यह साफ है कि क्षेत्र में अवैध शराब के खिलाफ अभियान जारी है। हालांकि, इतने कम समय में बड़ी संख्या में मामले सामने आने के बाद अवैध शराब की सप्लाई रोकने और सरकारी शराब दुकानों की निगरानी व्यवस्था को लेकर संबंधित विभाग से जवाबदेही की मांग उठ रही है।