दिल्ली PG हादसे में दुर्ग के युवराज की मौत: 3 दिन पहले ही घर से लौटा था, B.Com सेकंड ईयर का था छात्र

त्वरित ख़बरें :अरुण रिपोर्टिंग

दुर्ग। दिल्ली के सत्य निकेतन इलाके में हुए दर्दनाक PG इमारत हादसे में छत्तीसगढ़ के दुर्ग निवासी 20 वर्षीय छात्र युवराज सोनी की मौत हो गई। युवराज दिल्ली विश्वविद्यालय के मोतीलाल नेहरू कॉलेज में B.Com द्वितीय वर्ष की पढ़ाई कर रहा था और सत्य निकेतन स्थित बॉयज PG में रहता था।

बताया जा रहा है कि युवराज महज तीन दिन पहले ही छुट्टियां बिताकर दुर्ग से दिल्ली वापस लौटा था। पढ़ाई के लिए दिल्ली लौटने के कुछ ही दिन बाद हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। बेटे की मौत की खबर मिलते ही दुर्ग स्थित परिजनों के बीच मातम पसर गया।

हादसे के वक्त दोस्त से फोन पर कर रहा था बात

हादसे से जुड़ी सबसे दर्दनाक जानकारी यह सामने आई है कि युवराज घटना के समय अपने बचपन के दोस्त आर्यन से फोन पर बात कर रहा था। दोनों बातचीत के दौरान घूमने जाने की योजना बना रहे थे। इसी बीच फोन पर अचानक तेज गड़गड़ाहट की आवाज सुनाई दी और कुछ ही देर बाद युवराज की आवाज आनी बंद हो गई।

आर्यन ने कई बार फोन पर युवराज को आवाज लगाई, लेकिन दूसरी तरफ से कोई जवाब नहीं मिला। बाद में जब उसे सत्य निकेतन में इमारत गिरने की जानकारी मिली तो वह तुरंत घटनास्थल की ओर पहुंचा और अपने दोस्त की तलाश शुरू की। बाद में एम्स ट्रॉमा सेंटर से युवराज की मौत की पुष्टि हुई।

परिवार ने बेटे के भविष्य के लिए देखे थे सपने

युवराज पढ़ाई के लिए दिल्ली में रह रहा था। परिवार को उससे काफी उम्मीदें थीं और वह अपनी पढ़ाई पूरी कर बेहतर करियर बनाने की तैयारी कर रहा था। छुट्टियां बिताकर तीन दिन पहले ही घर से दिल्ली लौटे युवराज की अचानक मौत ने परिवार को झकझोर दिया है।

सत्य निकेतन में हुए इस हादसे के बाद राहत और बचाव अभियान चलाया गया। हादसे में कई लोगों की मौत और घायल होने की जानकारी सामने आई है। शुरुआती जानकारी में इमारत में चल रहे मरम्मत कार्य, पानी जमा होने और संरचनात्मक कमजोरी को हादसे के संभावित कारणों में बताया गया है। हालांकि, हादसे की वास्तविक वजह की जांच जारी है।