मासूम को डराकर मंगवाए सोने के जेवर और नगदी, पति-पत्नी गिरफ्तार

त्वरित खबरें :- नेहा साहू रिपोर्टिंग

रायपुर। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र में नाबालिग बच्ची को डराने-धमकाने और ब्लैकमेल कर सोने-चांदी के जेवर व नगदी मंगवाने का मामला सामने आया है। आरोप पति-पत्नी वंदना साहू और दीपक साहू पर है। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक, अशोक नगर में रहने वाली 11 वर्षीय बच्ची से आरोपियों ने दबाव बनाकर घर में रखे जेवर मंगवाए। शिकायत के अनुसार, बच्ची अपनी नानी का रानीहार भी चोरी-छिपे आरोपी महिला को दे आई थी। इसके अलावा उससे नगदी रकम भी मंगवाने का आरोप है। मोहल्ले के अन्य बच्चों को भी डराकर पैसे और जेवर वसूलने की जानकारी सामने आई है।

मामले में गुढ़ियारी पुलिस ने धारा 308(2) और 3(5) बीएनएस के तहत अपराध दर्ज किया। पुलिस टीम ने दबिश देकर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। उनके कब्जे से कथित तौर पर उगाही किए गए सोने के कान के टॉप्स और चेन बरामद किए गए हैं। पूछताछ में आरोपियों द्वारा अपराध स्वीकार करने की बात पुलिस ने कही है। दोनों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा रही है।