धड़ी चौक में गूंजे कृष्ण के जयघोष: दही हांडी उत्सव में उमड़ी भारी भीड़, तीन गोविंदा टोलियों ने दिखाया दम

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

धमतरी। भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति, युवाओं के जोश और धर्म-संस्कृति की उमंग से सराबोर भव्य दही हांडी उत्सव 2026 का आयोजन धमतरी के धड़ी चौक में संपन्न हुआ। देर रात तक चले इस आयोजन में शहरवासियों की भारी भीड़ उमड़ी और पूरा क्षेत्र श्रीकृष्ण के जयघोष से गूंज उठा।

दही हांडी उत्सव का आयोजन श्री राम हिन्दू संगठन धमतरी, सर्व हिन्दू समाज धमतरी और नगर पालिक निगम धमतरी द्वारा संयुक्त रूप से किया गया।

रायपुर की टोली बनी ग्रुप विजेता

प्रतियोगिता में कई जगहों से पहुंची गोविंदा टोलियों ने अपने हुनर और टीम भावना का प्रदर्शन किया। ग्रुप मटकी फोड़ प्रतियोगिता में जय मां शीतला सोनझरी समिति रायपुर ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विजेता का खिताब जीता।

वहीं एकल मटकी फोड़ प्रतियोगिता में घनश्याम अग्रवाल, मुजगहन ने बाजी मारी। उनके प्रदर्शन की दर्शकों ने जमकर सराहना की।

तीन टोलियों ने लिया हिस्सा

इस बार उत्सव में तीन प्रमुख टोलियां शामिल हुईं -

- श्री गोविंदा टोली, सांकरा, धमतरी

- जय माँ शीतला, करेंझर (अम्बागढ़ चौकी)

- जय माँ शीतला सोनझरी, रायपुर

तीनों टोलियों ने पूरे उत्साह और साहस के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लिया।

आयोजकों ने जताया आभार

आयोजकों ने कार्यक्रम की सफलता के लिए जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नगर निगम, विद्युत विभाग, समाजसेवियों, स्वयंसेवकों और मीडिया का आभार जताया।

आयोजकों ने कहा कि देर रात तक बड़ी संख्या में उपस्थित रहकर धमतरीवासियों ने आयोजन को यादगार बना दिया। यह उत्सव धमतरी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को मजबूत करने वाला रहा।