*दुर्ग।* जिले में अवैध सट्टा कारोबार पर लगाम लगाने के लिए दुर्ग पुलिस लगातार कार्रवाई कर रही है। इसी कड़ी में थाना उतई पुलिस ने सोशल मीडिया के जरिए सट्टे को बढ़ावा देने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार किया है।
*YouTube चैनल पर करता था अंकों की भविष्यवाणी*
पुलिस को 4 सितंबर 2026 को सूचना मिली थी कि डुमरडीह बस स्टैंड स्थित अंजली ब्यूटी पार्लर के पास एक युवक YouTube पर सट्टा-मटका के वीडियो अपलोड कर रहा है।
सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर आरोपी *रवि चेलक, उम्र 29 वर्ष, निवासी बड़े पारा, जय स्तंभ चौक, डुमरडीह* को पकड़ा। गवाहों के सामने उसके 2 Vivo कंपनी के Android मोबाइल फोन की जांच की गई तो पाया गया कि वह *"ANSHU MATKA"* नामक YouTube चैनल पर "राजधानी नाईट कल्याण जोड़ी" सहित अन्य सट्टा अंकों की भविष्यवाणी वाले वीडियो बनाकर प्रसारित कर रहा था।
*2 मोबाइल और डिजिटल सबूत जब्त*
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 2 मोबाइल फोन और सट्टा लेन-देन से जुड़ी डिजिटल सामग्री जब्त की है। उसके खिलाफ थाना उतई में अपराध क्रमांक 444/2026, धारा 6(क), 7(1), 11 छत्तीसगढ़ जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत मामला दर्ज किया गया है।
आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक अभिरक्षा में भेज दिया गया है और उससे जुड़े अन्य सट्टा नेटवर्क की जांच की जा रही है।
*दुर्ग पुलिस की अपील*
दुर्ग पुलिस ने अपील की है कि सोशल मीडिया या किसी भी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर सट्टा संचालित या प्रचारित करने वालों पर नजर रखी जा रही है। आम नागरिक ऐसी अवैध गतिविधियों से दूर रहें और जानकारी तुरंत पुलिस को दें।