राजनांदगांव। राजनांदगांव जिले से एक बेहद दर्दनाक सड़क हादसे की खबर सामने आई है। छुरिया थाना क्षेत्र के ग्राम भोलापुर और शिकारी महका मोड़ के पास स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि इसमें कुल 4 लोगों की मौत हो गई।
बाइक सवार 3 लोगों में से 2 की मौके पर मौत
जानकारी के अनुसार, मोटरसाइकिल पर तीन लोग सवार थे। हादसे में इनमें से दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को तत्काल जिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
स्कॉर्पियो सवार बुजुर्ग ने भी तोड़ा दम
वहीं, स्कॉर्पियो वाहन में चार लोग सवार थे। हादसे में एक 60 वर्षीय बुजुर्ग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उनकी भी मौत हो गई।
इस दर्दनाक हादसे में कुल 4 लोगों की जान चली गई, जिससे इलाके में शोक का माहौल है।
पुलिस ने शुरू की जांच
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शवों का पंचनामा तैयार कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।