भिलाई,। रक्षाबंधन के पावन अवसर पर प्रजापिता ब्रह्माकुमारी ईश्वरीय विश्व विद्यालय की ओर से समाज के विभिन्न वर्गों के लोगों को रक्षा सूत्र बांधा गया। ब्रह्माकुमारी बहनों ने पुलिस अधिकारियों, जवानों, बुजुर्गों, समाजसेवियों, मीडिया प्रतिनिधियों और विभिन्न क्षेत्रों से जुड़े लोगों को राखी बांधकर पवित्रता, सकारात्मक सोच और तनावमुक्त जीवन का संदेश दिया।
परमात्मा की याद ही सच्ची सुरक्षा का आधार
भिलाई सेवा केंद्रों की निदेशिका राजयोगिनी ब्रह्माकुमारी आशा दीदी ने कहा कि सर्व का रक्षक परमात्मा है। दैनिक जीवन में परमात्मा से भाई, माता-पिता, सखा या बंधु के रूप में आत्मीय संबंध जोड़कर उन्हें प्रेमपूर्वक याद करना ही राजयोग मेडिटेशन का पहला चरण है।
उन्होंने कहा कि रक्षाबंधन केवल भाई द्वारा बहन की रक्षा तक सीमित नहीं है। आज हर व्यक्ति को किसी न किसी रूप में सुरक्षा की आवश्यकता है। परमात्मा की याद के माध्यम से बुराइयों, व्यसनों और परचिंतन से स्वयं को मुक्त रखने का प्रयास करना चाहिए।
पुलिस, जवानों और बुजुर्गों को बांधा रक्षा सूत्र
कार्यक्रम के दौरान ब्रह्माकुमारी बहनों ने SSP विजय अग्रवाल (IPS), एडिशनल एसपी शोभ राज अग्रवाल, एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट, NDRF के जवानों और अधिकारियों को रक्षा सूत्र बांधा। इसके अलावा फील परमार्थ फाउंडेशन वृद्धाश्रम के बुजुर्गों, एफएसएनएल निगम में कार्यरत जापान के कोनोइके ग्रुप के जापानी सदस्यों, सांसद विजय बघेल, समाजसेवी इन्द्रजीत सिंह और मीडिया सदस्यों को भी राखी बांधी गई।
इस दौरान BSF और CISF के जवानों एवं अधिकारियों सहित शिक्षा, व्यापार, कला और चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोगों ने भी रक्षा सूत्र बंधवाया।
पांचों तत्वों को शांति के प्रकंपन देने का संदेश
आशा दीदी ने कहा कि मानवीय सोच और कर्मों के प्रभाव से प्रकृति भी अशांत हो रही है। ऐसे समय में परमात्मा की याद के माध्यम से स्वयं शांत रहकर प्रकृति के पांचों तत्वों को भी शांति के प्रकंपन देने का प्रयास करना चाहिए।
रक्षाबंधन के अवसर पर ब्रह्माकुमारी बहनों ने सभी को पवित्रता, आत्मिक सुरक्षा, सकारात्मक सोच, व्यसनमुक्ति और परमात्म स्मृति के माध्यम से तनावमुक्त जीवन जीने का संदेश दिया। इस अवसर पर सभी को परमात्म महावाक्य से सुसज्जित ब्लेसिंग कार्ड प्रदान किए गए और ईश्वरीय प्रसाद से मुंह मीठा कराया गया।