महतारी वंदन की 31वीं किस्त से खिले महिलाओं के चेहरे: रक्षाबंधन से पहले खाते में पहुंची राशि, बोलीं- ‘धन्यवाद विष्णु भैया’

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

बालोद,। मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने रक्षाबंधन के पावन पर्व से पहले ही महतारी वंदन योजना की 31वीं किस्त की राशि प्रदेश की लाखों महिलाओं के बैंक खातों में सीधे अंतरित कर दी। त्योहार से पहले खाते में राशि पहुंचने से महिलाओं में खुशी का माहौल है। महिलाओं का कहना है कि आर्थिक सहायता से उन्हें रक्षाबंधन का पर्व बेहतर तरीके से मनाने में मदद मिलेगी।

राखी और मिठाई खरीदेंगी जयश्री

डौण्डी विकासखण्ड के वनांचल क्षेत्र स्थित ग्राम कुमुड़कट्टा की श्रीमती जयश्री मंडावी ने बताया कि रक्षाबंधन से पहले ही उनके बैंक खाते में महतारी वंदन योजना की राशि पहुंच गई है। उन्होंने कहा कि इस राशि से वे अपने भाई के लिए राखी और मिठाई खरीदेंगी।

जयश्री ने कहा कि त्योहार से पहले मिली इस आर्थिक सहायता से उनका उत्साह दोगुना हो गया है। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार जताते हुए कहा—“धन्यवाद विष्णु भैया।”

योजना से महिलाओं को मिल रहा आर्थिक संबल

डौण्डीलोहारा विकासखण्ड के ग्राम कलकसा की श्रीमती बेनी बाई साहू ने भी महतारी वंदन योजना और अन्य महिला हितैषी योजनाओं को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने बताया कि वे सबला स्वसहायता समूह का संचालन करती हैं।

बेनी बाई के मुताबिक, समूह के माध्यम से महिला एवं बाल विकास विभाग की सक्षम योजना के तहत उन्होंने 1 लाख रुपये का ऋण लिया। इस राशि से उन्होंने गांव के ही चार आंगनबाड़ी केंद्रों में खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने का कार्य शुरू किया।

उन्होंने बताया कि इस काम से उनका व्यवसाय आगे बढ़ा है और समूह से जुड़ी अन्य महिलाओं को भी रोजगार के साथ आर्थिक मजबूती मिली है। बेनी बाई ने महिला हितैषी योजनाओं के संचालन के लिए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय का आभार व्यक्त किया।

महतारी वंदन योजना की राशि त्योहार से पहले मिलने से जिले की महिलाओं में उत्साह है। महिलाओं का कहना है कि ऐसी आर्थिक सहायता उन्हें घरेलू जरूरतों को पूरा करने के साथ आत्मनिर्भर बनने में भी मदद कर रही है।