रायपुर को मिलेगी नई 3 किमी सड़क: लाभांडी-कचना से सड्डू तक बनेगी MR-43, जाम से मिलेगी राहत...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

रायपुर। राजधानी रायपुर में 2021 के मास्टर प्लान में प्रस्तावित MR-43 सड़क का काम जल्द शुरू होने की संभावना है। लाभांडी से कचना होते हुए सड्ड तक करीब 3 किलोमीटर लंबी नई सड़क बनाई जाएगी। सड़क के लिए लैंड यूज परिवर्तन की अधिसूचना जारी कर दी गई है। दावा-आपत्ति के लिए 15 दिन का समय दिया गया है।

नई सड़क बनने से लाभांडी, कचना, सड्ड और बलौदाबाजार रोड की ओर आने-जाने वाले करीब 3 लाख लोगों को सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है। इससे सफर का समय करीब 20 मिनट तक कम हो सकता है और प्रमुख मार्गों पर ट्रैफिक का दबाव भी घटेगा।

99.100 हेक्टेयर जमीन का होगा लैंड यूज परिवर्तन

नई सड़क के लिए करीब 99.100 हेक्टेयर जमीन का अधिग्रहण किया जा रहा है। वर्तमान में यह जमीन आवासीय उपयोग में है, जिसे लैंड यूज परिवर्तन के बाद मिश्रित उपयोग में लाया जाएगा।

आवास एवं पर्यावरण विभाग के विशेष सचिव देवेंद्र भारद्वाज की ओर से शुक्रवार को जमीन के खसरा नंबरों के साथ अधिसूचना जारी की गई है। इसमें कुछ निजी जमीनें भी शामिल हैं। दावा-आपत्ति के लिए 15 दिन का समय निर्धारित किया गया है।

लोग अपनी आपत्तियां कलेक्टोरेट, संभागीय कमिश्नर कार्यालय, टाउन एंड कंट्री प्लानिंग विभाग और नगर निगम कार्यालय में दर्ज करा सकते हैं।

3 लाख लोगों को मिलेगा सीधा फायदा

MR-43 सड़क बनने से वीआईपी स्टेट खम्हारडीह, अशोका रतन, कचना हाउसिंग बोर्ड, पिरदा, बाराडेरा, जोरा, चंडीनगर, पार्वती नगर और भावना नगर समेत आसपास के इलाकों को फायदा होगा।

आठ से ज्यादा वार्डों में रहने वाले करीब 3 लाख लोगों को रिंग रोड से सीधे जुड़ने की सुविधा मिल सकेगी। इससे सड्ड, कचना और विधानसभा रोड पर बढ़ रहे ट्रैफिक दबाव को कम करने में मदद मिलेगी।

कचना क्षेत्र में तेजी से नई कॉलोनियां विकसित हो रही हैं। ऐसे में यहां रहने वाले लोगों के लिए भी यह सड़क महत्वपूर्ण मानी जा रही है।

RDA और PWD करेंगे निर्माण

करीब 3 किलोमीटर लंबी इस सड़क का निर्माण रायपुर विकास प्राधिकरण (RDA) और लोक निर्माण विभाग (PWD) द्वारा किया जाएगा। सड़क का सर्वे पहले ही पूरा किया जा चुका है।

MR-43 का एक बड़ा हिस्सा ग्रीन लैंड क्षेत्र में आता है। ग्रीन लैंड में शामिल हिस्से में 293 खसरे हैं, जिसमें करीब 10 हेक्टेयर सरकारी जमीन भी शामिल है। सड़क के शुरुआती हिस्से का निर्माण RDA करेगा, जबकि करीब 2 किलोमीटर हिस्से का निर्माण लोक निर्माण विभाग द्वारा किया जाएगा।

प्रस्तावित सड़क कोर्टयार्ड मैरियट होटल के पास से जुड़ते हुए रेलवे क्रॉसिंग पार कर कचना ओवरब्रिज से जोड़े जाने की योजना है। आगे इसे बलौदाबाजार जाने वाली सड़क से जोड़ा जाएगा।

पिरदा-तुलसी में बन रहा नया टाउनशिप

रायपुर विकास प्राधिकरण की ओर से नवा रायपुर के पास पिरदा और तुलसी गांव में करीब 143 हेक्टेयर यानी लगभग 353.4 एकड़ जमीन पर नया टाउनशिप विकसित किया जा रहा है। इसकी अधिसूचना 11 अगस्त को जारी की गई थी।

योजना के तहत जमीन मालिकों को उनकी जमीन के बदले 40 प्रतिशत विकसित जमीन वापस दी जाएगी। पिरदा और तुलसी में प्रस्तावित नए टाउनशिप को लाभांडी, सड्ड, कचना और बलौदाबाजार रोड से जोड़ने के लिए MR-43 सड़क को महत्वपूर्ण कड़ी माना जा रहा है।