बिलासपुर के तखतपुर में बड़ा सड़क हादसा: ट्रक की टक्कर से 3 युवकों की मौत, ड्राइवर फरार...

त्वरित ख़बरें :- अमित यादव रिपोर्टिंग

तखतपुर। बिलासपुर जिले के तखतपुर में आज भीषण सड़क हादसा हुआ। जुनापारा चौकी क्षेत्र में ट्रक की टक्कर से बाइक सवार तीन युवकों की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस फरार चालक की तलाश में जुटी है।

ट्रक ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर

जानकारी के मुताबिक, तीनों युवक एक ही बाइक पर सवार होकर जा रहे थे। इसी दौरान ट्रक ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों युवकों की मौके पर ही मौत हो गई।

फिलहाल मृतकों की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस उनकी पहचान के प्रयास में जुटी हुई है।

फरार चालक की तलाश जारी

हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने के साथ ही अन्य माध्यमों से आरोपी चालक और वाहन की जानकारी जुटा रही है।

हादसे के बाद मौके पर जुटी भीड़

दुर्घटना के बाद घटनास्थल पर चीख-पुकार मच गई और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने मृतकों के शवों को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।