CGVSK एप अपग्रेड: अब नेटवर्क नहीं होने पर भी लगेगी बायोमैट्रिक हाजिरी

त्वरित खबरें :अरुण रिपोर्टिंग

रायपुर। छत्तीसगढ़ के सरकारी स्कूलों में शिक्षकों और कर्मचारियों की डिजिटल उपस्थिति को लेकर बड़ी राहत की खबर है। CG VSK (VSK 2.0) एप को अपग्रेड किया गया है, जिससे अब नेटवर्क नहीं होने पर भी बायोमैट्रिक हाजिरी दर्ज की जा सकेगी। खासकर दूरस्थ, वनांचल और कमजोर नेटवर्क वाले क्षेत्रों में कार्यरत शिक्षकों को इससे बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।

नई व्यवस्था के तहत शिक्षक फिंगरप्रिंट और जीपीएस के माध्यम से ऑफलाइन उपस्थिति दर्ज कर सकेंगे। हाजिरी का डेटा मोबाइल में सुरक्षित रहेगा और जैसे ही फोन नेटवर्क क्षेत्र में पहुंचेगा, यह जानकारी स्वतः मुख्य सर्वर पर सिंक हो जाएगी। इससे नेटवर्क नहीं होने के कारण हाजिरी दर्ज नहीं होने की समस्या काफी हद तक दूर हो सकेगी।

बता दें कि छत्तीसगढ़ के स्कूल शिक्षा विभाग में शिक्षकों और कर्मचारियों के लिए VSK एप के माध्यम से डिजिटल उपस्थिति की व्यवस्था लागू है। पहले नेटवर्क, सर्वर और लोकेशन संबंधी तकनीकी समस्याओं को लेकर शिक्षकों की ओर से लगातार शिकायतें सामने आ रही थीं। कई दूरस्थ क्षेत्रों में कमजोर इंटरनेट कनेक्टिविटी के कारण समय पर ऑनलाइन हाजिरी दर्ज करना मुश्किल हो रहा था।

VSK 2.0 के इस अपग्रेड के बाद अब इंटरनेट की समस्या के कारण शिक्षकों की उपस्थिति प्रभावित होने की परेशानी कम होने की उम्मीद है।